अक्टूबर में बढ़ी महंगाई की मार, थोक महंगाई दर उछलकर 12.29% हुई

अक्टूबर में बढ़ी महंगाई की मार, थोक महंगाई दर उछलकर 12.29% हुई

नई दिल्ली: वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर महीने में सालाना आधार पर थोक महंगाई के अलग-अलग क्षेत्रों में बदलाव देखने को मिला। इस दौरान ईंधन और बिजली की थोक महंगाई दर सबसे ज्यादा 32.84 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सितंबर में 25.85 प्रतिशत थी। वहीं, प्राथमिक वस्तुओं की महंगाई दर सितंबर के 8.67 प्रतिशत से बढ़कर अक्टूबर में 9.24 प्रतिशत पर पहुंच गई। हालांकि, विनिर्मित (तैयार) वस्तुओं की महंगाई दर में मामूली गिरावट आई और यह सितंबर के 9.76 प्रतिशत से घटकर 9.54 प्रतिशत रह गई।

अक्टूबर 2026 में मिनरल ऑयल, कच्चा पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस, बिजली, खाद्य वस्तुएं, मूल धातुओं, रसायनों, कपड़ा तथा रबर व प्लास्टिक उत्पादों के निर्माण जैसे प्रमुख समूहों ने थोक महंगाई बढ़ाने में मुख्य भूमिका निभाई है। कुल थोक महंगाई में 24.99 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाली थोक खाद्य महंगाई दर (जिसमें प्राथमिक खाद्य वस्तुएं और विनिर्मित खाद्य उत्पाद शामिल हैं) अक्टूबर 2026 में सालाना आधार पर 8.58 प्रतिशत रही, जो सितंबर के 8.66 प्रतिशत से मामूली कम है।

इससे पहले शुक्रवार को जारी किए गए खुदरा महंगाई के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में भारत की खुदरा महंगाई दर सालाना आधार पर बढ़कर 6.09 प्रतिशत (प्रोविजनल) पर पहुंच गई, जो सितंबर 2026 के 5.54 प्रतिशत (फाइनल) के मुकाबले एक महीने में 0.55 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाती है।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर महीने में गांवों की खुदरा महंगाई दर 6.63 प्रतिशत और शहरों की 5.41 प्रतिशत दर्ज की गई। इस दौरान खाने-पीने की चीजों की महंगाई में भी बड़ा उछाल आया, जो सितंबर के 7.74 प्रतिशत से बढ़कर अक्टूबर में 8.94 प्रतिशत तक पहुंच गई। इसमें ग्रामीण इलाकों में खाद्य महंगाई 9.09 प्रतिशत रही, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह आंकड़ा 8.68 प्रतिशत दर्ज किया गया।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Sanjana Kumari

संजना कुमारी: रियल-टाइम खबरों पर मजबूत पकड़ रखने वाली डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और पत्रकार, जो सामाजिक-राजनीतिक, क्षेत्रीय और सांस्कृतिक घटनाक्रमों को डिजिटल दर्शकों के लिए सटीक व आकर्षक बनाती हैं