रामपुर पहुंचते ही गरजे आजम खान, बोले- संविधान की आजादी के लिए लड़नी होगी लड़ाई

नई दिल्ली: मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जमानत मिलने के बाद बुधवार को जेल से बाहर आए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान देर रात अपने घर रामपुर पहुंचे। गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा होकर रामपुर पहुंचने पर बड़ी तादाद में जुटे समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर आजम खान ने कहा कि उत्तर प्रदेश का आने वाला विधानसभा चुनाव कोई आम चुनाव नहीं, बल्कि एक ‘इंकलाब’ साबित होगा।

आजम खान ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि देश तो आजाद है लेकिन संविधान कैद है, जिसकी आजादी के लिए सबको मिलकर मांग करनी चाहिए। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर उन्होंने दावा किया कि इस बार चुनाव नहीं बल्कि इंकलाब और सैलाब होगा तथा लोग धर्म-जाति के बजाय मुद्दों पर लड़ेंगे।

संवैधानिक संस्थाओं की साख और खुद पर लगे आरोपों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि यदि मुर्गी-बकरी चोरी के आरोपी विश्वविद्यालय बना सकते हैं, तो हर गली में ऐसा शख्स पैदा होना चाहिए, साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि मदन मोहन मालवीय और सर सैयद अहमद खान के दौर में ईडी-सीबीआई जैसी एजेंसियां होतीं तो वे भी जेल में होते।

दूसरी ओर, उनकी रिहाई पर सियासी प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गई हैं, जहां सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने न्यायपालिका के फैसले का स्वागत करते हुए भविष्य में भी उनके खिलाफ दर्ज झूठे मुकदमे खत्म होने की उम्मीद जताई, वहीं योगी सरकार के मंत्री दया शंकर सिंह ने इसे कानून के दायरे में लिया गया अदालती फैसला बताया।

आजम खान की रिहाई के बाद रामपुर के सपा विधायक नवाब जान खान ने ईडी की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पूछा कि साल 2019 के पुराने मामले में अब 2026 में वारंट जारी कर गिरफ्तारी करने का क्या मतलब था। उनके मुताबिक, अगर आजम खान को गिरफ्तार ही करना था, तो जब वे पहले से जेल में बंद थे, तभी यह कार्रवाई की जा सकती थी। नवाब जान खान ने आरोप लगाया कि सत्ता के दम पर किसी भी तरह से परेशान किया जा सकता है।