आजम खान और अब्दुल्ला के चुनाव लड़ने पर अब भी सस्पेंस, कानूनी पेच बरकरार; तंजीन को मिली राहत
नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट से राहत पाने के बाद भी सपा नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम के लिए चुनाव लड़ने का रास्ता अभी साफ नहीं हुआ है। दो जन्म प्रमाणपत्र मामले में सजा पर रोक लगने के बावजूद, दो पैन कार्ड और दूसरे मामलों में मिली सजाएं उनके चुनाव लड़ने में बड़ी कानूनी अड़चन बनी हुई हैं। आजम खान को डूंगरपुर के दो अलग-अलग केसों में सात और दस साल की सजा सुनाई जा चुकी है, जबकि दो पैन कार्ड केस में भी उनकी सजा बढ़कर दस साल हो गई है।
दूसरी ओर, अब्दुल्ला आजम को दो पैन कार्ड मामले में सात साल और छजलैट केस में दो साल की सजा मिली थी। दो जन्म प्रमाणपत्र मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा सपा नेता आजम खां, उनकी पत्नी डॉ. तजीन फात्मा और बेटे अब्दुल्ला आजम की दोषसिद्धि पर रोक लगाए जाने के बाद, कानूनी जानकारों के अनुसार डॉ. तजीन फात्मा के चुनावी राजनीति में लौटने का रास्ता साफ हो गया है।
तंजीन को मिली राहत, पिता-पुत्र की उम्मीदवारी अभी भी फंसी
बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सर्वजीत सिंह और पूर्व अध्यक्ष सतनाम सिंह मट्टू के मुताबिक, चूंकि डॉ. तजीन फात्मा को इसी एक मामले में सजा हुई थी, इसलिए उन पर लगी रोक के बाद वे चुनाव लड़ने की पात्र हो गई हैं, जबकि आजम खां और अब्दुल्ला आजम की अन्य मामलों (जैसे दो पैन कार्ड मामले) में दोषसिद्धि बरकरार रहने के कारण उनकी चुनावी अयोग्यता अभी समाप्त नहीं हुई है।
वर्ष 2019 के उपचुनाव में रामपुर शहर से विधायक रह चुकीं डॉ. तजीन फात्मा को मिली इस राहत से समाजवादी पार्टी की रामपुर में चुनावी रणनीति और परिवार की राजनीतिक भूमिका को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इसी बीच, ईडी द्वारा दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग के एक अन्य मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद आजम खां को बुधवार शाम गाजियाबाद की डासना जिला जेल से रिहा कर दिया गया।
इसे भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ तोड़फोड़ अभियान: पूर्व CM भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार को घेरा
सीजेएम कोर्ट में 50-50 हजार रुपये के दो जमानती और बेल बॉन्ड दाखिल करने की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शाम करीब 6:33 बजे वे जेल से बाहर आए और रात 9:45 बजे रामपुर पहुंचे, जहां समर्थकों ने उनका स्वागत किया। हाईकोर्ट ने उनकी 79 वर्ष की आयु और स्वास्थ्य संबंधी दलीलों के बीच यह राहत दी है, और अब इस मामले की अगली सुनवाई 10 दिसंबर को होगी।
31 अक्टूबर को एक दूसरे मामले में जमानत मिलने के बाद आजम खान रामपुर जिला जेल से बाहर तो आए, लेकिन गेट पर ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया गया था, जिसके खिलाफ उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। वहीं दूसरी तरफ, सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत के बावजूद आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम के लिए चुनाव लड़ने का रास्ता अभी भी आसान नहीं हुआ है।







