जीटीए गेम वाली पोस्ट पर छिड़ी सियासत, जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री मोदी पर साधा निशाना

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मशहूर वीडियो गेम ‘जीटीए’ (GTA) के जरिए देश के विकास को दर्शाया है। इस पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री पर तीखा कटाक्ष किया। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि युवाओं को लुभाने की बेचैनी में पीएम ने जीटीए-5 और जीटीए-6 गेम के दृश्यों का सहारा लिया है, जबकि इस गेम की पूरी कहानी दो अपराधियों के इर्द-गिर्द घूमती है और यह आज के हालात पर कितना सटीक बैठता है।

इस पोस्ट में पिछले 13 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि जो भारत कभी दुनिया की ‘फ्रेजाइल फाइव’ अर्थव्यवस्थाओं की सूची में शामिल था, वह अब सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बन चुका है, जिसके माध्यम से पूर्ववर्ती यूपीए सरकार पर भी अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा गया है।

तस्वीरों के जरिए साझा की गई इस जानकारी में गरीबी में कमी, स्वच्छता मिशन, हर घर बिजली पहुंचाने की प्रगति और सोलर पावर क्षमता में हुई बड़ी बढ़ोतरी को प्रमुख उपलब्धियों के रूप में दर्शाया गया है, साथ ही अंतरिक्ष क्षेत्र में बढ़ते स्टार्टअप इकोसिस्टम का जिक्र करते हुए बताया गया है कि देश में अब 440 रजिस्टर्ड स्पेस टेक्नोलॉजी स्टार्टअप काम कर रहे हैं।

गेमिंग की दुनिया से जुड़े युवाओं को लुभाने के लिए इस पोस्ट में सस्ते इंटरनेट का भी हवाला दिया गया है। इसमें बताया गया है कि साल 2013 में हाई-स्पीड इंटरनेट डेटा की कीमत 308 रुपये प्रति जीबी हुआ करती थी, जो अब घटकर महज 7.51 रुपये प्रति जीबी रह गई है। इसके साथ ही देश से नक्सलवाद के खात्मे और भारत के एक बड़े रक्षा निर्यातक देश बनने जैसी कामयाबियों को भी इस सूची में प्रमुखता से दिखाया गया है।