आजम खां की न्यायिक हिरासत बढ़ी, ईडी की पूछताछ पूरी होने के बाद कोर्ट ने भेजा जेल

आजम खां की न्यायिक हिरासत बढ़ी, ईडी की पूछताछ पूरी होने के बाद कोर्ट ने भेजा जेल

नई दिल्ली: चार दिन की रिमांड खत्म होने के बाद सोमवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आजम खां को गाजियाबाद की पीएमएलए कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। रामपुर के जौहर ट्रस्ट मामले में तीन दिनों तक चली पूछताछ के दौरान ईडी ने उनसे करीब 200 सवाल पूछे, लेकिन आजम खां ने अधिकतर सवालों के घुमा-फिराकर जवाब दिए।

उन्होंने ईडी के सभी आरोपों को गलत बताते हुए ट्रस्ट के फैसलों की जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया। इसके अलावा, शत्रु संपत्ति पर कब्जे के आरोपों को भी नकारते हुए उन्होंने इसके लिए रामपुर जिला प्रशासन को जिम्मेदार बताया।

ईडी के सवालों पर खुद को पीड़ित बताते रहे आजम खान

जौहर विश्वविद्यालय और जौहर ट्रस्ट से जुड़े कथित 426 करोड़ रुपये के धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों ने रविवार को भी आजम खान से लंबी पूछताछ की, लेकिन वह हर सवाल के जवाब में खुद को पीड़ित और इस पूरे घटनाक्रम को सियासी बदले की भावना से की गई कार्रवाई बताते रहे।

पूछताछ के दौरान उन्होंने उन ठेकेदारों से किसी भी तरह का सीधा संबंध होने से इनकार कर दिया, जिन्होंने सरकारी काम की धनराशि को जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण में खपाने के साथ-साथ ट्रस्ट को चंदा दिया था। गौरतलब है कि 31 अक्टूबर को जेल से रिहा होने के तुरंत बाद ईडी ने आजम खान को गिरफ्तार किया था, और अब जांच एजेंसी उन पर कानूनी शिकंजा कसने के लिए उनके करीबियों को दोबारा तलब करने की तैयारी कर रही है, जिनमें से कुछ को सरकारी गवाह भी बनाया जा सकता है।

दूसरी तरफ, आजम खां की याचिका पर आज इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई चल रही है, जिसमें उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की अपनी गिरफ्तारी को चुनौती दी है। अदालत में आजम खां की ओर से सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल दलीलें पेश कर रहे हैं। यह पूरी बहस जौहर ट्रस्ट से जुड़े करीब 426 करोड़ रुपये के कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हुई उनकी गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत के खिलाफ दायर अर्जी पर हो रही है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Sanjana Kumari

संजना कुमारी: रियल-टाइम खबरों पर मजबूत पकड़ रखने वाली डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और पत्रकार, जो सामाजिक-राजनीतिक, क्षेत्रीय और सांस्कृतिक घटनाक्रमों को डिजिटल दर्शकों के लिए सटीक व आकर्षक बनाती हैं