यूपी चुनाव: कांग्रेस ने सपा से मांगी 181 सीटें, रायबरेली और अमेठी के सभी क्षेत्रों पर ठोका दावा

यूपी चुनाव: कांग्रेस ने सपा से मांगी 181 सीटें, रायबरेली और अमेठी के सभी क्षेत्रों पर ठोका दावा

नई दिल्ली: कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच चल रही गठबंधन की चर्चाओं के बीच 181 सीटों की वह लिस्ट सामने आ गई है, जिस पर कांग्रेस चुनाव लड़ना चाहती है। इस सूची में कांग्रेस ने अपने पुराने गढ़ रायबरेली और अमेठी की लगभग सभी सीटों पर दावा पेश किया है।

इनमें रायबरेली सदर, बछरावां, हरचंदपुर, सलोन, सरेनी, ऊंचाहार, तिलोई, जगदीशपुर, गौरीगंज और अमेठी जैसी सीटें शामिल हैं। इसके साथ ही पार्टी ने राजधानी लखनऊ की मोहनलालगंज, मलिहाबाद, बख्शी का तालाब, सरोजनी नगर और लखनऊ पूर्व सीटों को भी अपनी पहली पसंद में रखा है।

पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वांचल तक की प्रमुख सीटों पर दावा

आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों और सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है, जबकि सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग पर औपचारिक बातचीत 17 नवंबर से शुरू होने की संभावना है।

यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के अनुसार, पार्टी ने सपा को 180 से 200 संभावित विधानसभा सीटों की सूची पहले ही सौंप दी है; इस सूची में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, मेरठ, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा और आगरा से लेकर बरेली, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, बाराबंकी, अयोध्या, कानपुर, फर्रुखाबाद, झांसी, हमीरपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, वाराणसी, सुल्तानपुर, गोरखपुर, देवरिया, बलिया, जौनपुर और मिर्जापुर समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों की प्रमुख सीटें शामिल हैं।

इसके लिए खास कमेटियां बनाई जा रही हैं, जो हर सीट के समीकरणों पर चर्चा करेंगी, जबकि अंतिम फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व लेगा। उन्होंने साफ किया कि पार्टी का मुख्य ध्यान सीटों की गिनती के बजाय चुनाव जीतने पर है। दोनों दल मिलकर मजबूत उम्मीदवार उतारेंगे ताकि भाजपा को हराया जा सके, और कांग्रेस इस गठबंधन में एक सम्मानजनक हिस्सेदारी की उम्मीद कर रही है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Sanjana Kumari

संजना कुमारी: रियल-टाइम खबरों पर मजबूत पकड़ रखने वाली डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और पत्रकार, जो सामाजिक-राजनीतिक, क्षेत्रीय और सांस्कृतिक घटनाक्रमों को डिजिटल दर्शकों के लिए सटीक व आकर्षक बनाती हैं