सीएम योगी के बयान पर चंद्रशेखर का तीखा जवाब, बिजनौर सीट से चुनाव लड़ने की दी खुली चुनौती

नई दिल्ली: सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ को सपा-कांग्रेस की ‘बी-टीम’ कहे जाने पर नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने तीखा जवाब दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को सीधे बिजनौर सीट से चुनाव लड़ने की खुली चुनौती दे डाली। चंद्रशेखर ने तंज कसते हुए कहा कि दूसरों पर किसी की बी-टीम होने का आरोप लगाने के बजाय सीएम योगी को अपनी राजनीतिक नाकामियों पर गौर करना चाहिए।

चंद्रशेखर ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी राजनीतिक स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा न तो किसी की ‘बी-टीम’ है और न ही किसी के इशारे पर राजनीति करता है, बल्कि इसकी अपनी स्वतंत्र विचारधारा, संघर्ष और पहचान है। उनके अनुसार, इस मोर्चे का मुख्य उद्देश्य बहुजन समाज और आम जनता के हक, सम्मान तथा सत्ता में उनकी हिस्सेदारी सुनिश्चित करना है और इसका राजनीतिक भविष्य सत्ता में बैठे लोगों के बजाय जनता तय करेगी।

इसके साथ ही उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें किसी के प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है और अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपाने के लिए दूसरों पर बी-टीम का ठप्पा लगाने के बजाय आलोचकों को बिजनौर से चुनाव लड़कर दिखाना चाहिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर के नए गठबंधन पर सीधा हमला बोला है। बुधवार को एक बातचीत के दौरान उन्होंने इस गठबंधन को सपा और कांग्रेस की ‘बी-टीम’ करार दिया। सीएम योगी ने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टियों ने भाजपा को चुनावी नुकसान पहुंचाने की चाल चलते हुए इन दोनों नेताओं को एक साथ लाया है। बता दें कि ओवैसी और चंद्रशेखर ने 12 नवंबर को लखनऊ में ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाकर साल 2027 का विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने का ऐलान किया था।