अयोध्या राम मंदिर का मुख्य निर्माण पूरा, ट्रस्ट को सौंपी गईं संपत्तियां; दिसंबर तक फाइनल होगा हिसाब
नई दिल्ली: शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने मंदिर परिसर में चल रहे कार्यों की ताजा जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर का मुख्य निर्माण पूरा हो गया है और अब निर्माण कंपनी एलएंडटी (L&T) के पास कोई बड़ा काम बाकी नहीं बचा है। इसके साथ ही, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दिसंबर 2026 तक सभी निर्माण कार्यों का वित्तीय समापन (फाइनेंशियल क्लोजर) पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।
राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने जानकारी दी है कि परकोटा को छोड़कर निर्माण के दौरान तैयार की गई सभी संपत्तियां श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंप दी गई हैं। उन्होंने बताया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की गुणवत्ता संबंधी कमी सामने आने पर संबंधित निर्माण एजेंसियों को अगले तीन वर्षों तक उसे दुरुस्त करना होगा, जिसके लिए कंपनियों का पांच प्रतिशत भुगतान रोका गया है और गुणवत्ता सुनिश्चित होने के बाद ही यह राशि जारी की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, मंदिर परिसर के बाहर ऑडिटोरियम, ट्रस्ट कार्यालय और सरयू नदी के निकट राम मंदिर संग्रहालय जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर भी काम जारी है, जिसमें कुल 20 गैलरी बनाई जाएंगी। संग्रहालय की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार हो चुकी है तथा जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होने के साथ इसका निर्माण दिसंबर 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़ें: हाईवे पर खड़ी बंद कार में मिला यमुनानगर के SDO का शव, जांच में जुटी पुलिस
नृपेंद्र मिश्र ने जानकारी दी कि अब भक्तों को मंदिर परिसर के भीतर बने अन्य मंदिरों और स्थलों को देखने की छूट मिल गई है, जिससे वे यहां की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का करीब से अनुभव कर सकेंगे। इसके अलावा, मथुरा में मंदिर निर्माण को लेकर पूछे गए एक सवाल पर उन्होंने साफ किया कि इस समिति का गठन सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर केवल अयोध्या के लिए हुआ था। इसलिए, समिति का दायरा सिर्फ अयोध्या तक ही सीमित है और मथुरा से जुड़े किसी भी निर्माण कार्य में इसकी कोई भूमिका नहीं है।










