बाल ठाकरे की फोटो फाड़ने पर हंगामा, उद्धव गुट का प्रदर्शन; कई हिरासत में

नई दिल्ली: मुंबई में गुरुवार को शिवसेना (यूबीटी) के ढेरों कार्यकर्ताओं ने शिवसेना नेता शाइना एनसी के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। उन पर एक कार्यक्रम के दौरान दिवंगत बाल ठाकरे की फोटो फाड़ने का आरोप लगा है। इस मामले को लेकर दादर स्थित पार्टी मुख्यालय ‘सेना भवन’ के बाहर सैकड़ों समर्थक जमा हो गए, जिनमें बड़ी तादाद में महिलाएं भी मौजूद थीं। हंगामे के बाद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना की नेता शाइना एनसी के खिलाफ शिवसेना (यूबीटी) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की और उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की, जिसके बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने भारी बल तैनात कर कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।

यह विवाद बुधवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद शुरू हुआ, जिसमें शाइना एनसी, संजय निरुपम और शीतल म्हात्रे समेत शिवसेना नेताओं ने सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में वी डी सावरकर और आरएसएस को लेकर की गई टिप्पणियों के विरोध में किताब के पन्ने फाड़ दिए थे, और इसी दौरान बाल ठाकरे तथा उद्धव ठाकरे की तस्वीर वाला एक कागज भी फाड़ा गया था।

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवसेना नेता संजय निरुपम ने इसे सावरकर के अपमान के खिलाफ एक प्रतीकात्मक कदम बताया और मांग की कि जब तक प्रकाशक हार्पर कॉलिन्स किताब से उन आपत्तिजनक पन्नों को नहीं हटाता, तब तक महाराष्ट्र में इसकी बिक्री और वितरण पर प्रतिबंध लगाया जाए। इस बीच शाइना एनसी ने अनजाने में वह कागज फाड़ दिया, जिस पर बाल ठाकरे की फोटो छपी थी। इस फोटो में बाल ठाकरे कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के पुतले को थप्पड़ मारते नजर आ रहे थे।

जैसे ही किसी ने शाइना को इस गलती के बारे में बताया, वह हैरान रह गईं और तुरंत ‘सॉरी’ बोलकर आधा फटा कागज मेज पर रख दिया। इस मामले को लेकर शिवसेना (यूबीटी), मनसे और कांग्रेस ने उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।