मायावती का अखिलेश पर तंज: सपा का घोषणा-पत्र महज चुनावी छलावा, जनता इसके झांसे में न आए

नई दिल्ली: बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणा-पत्र को लेकर अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी बात रखते हुए उन्होंने सपा के ‘जन-मन के मेनिफेस्टो’ को पूरी तरह हवाहवाई करार दिया और इसे ‘थोथा चना बाजे घना’ जैसी कहावत से जोड़ा। मायावती ने यह भी आरोप लगाया कि सपा का यह चुनावी वादा पत्र असल में ‘जन-मन’ के बजाय ‘धन-मन वादी’ ज्यादा नजर आता है।

हाल ही में हुए उत्तर प्रदेश राज्यसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि सपा ने ‘पीडीए’ के बजाय धन्नासेठों को प्राथमिकता दी है। और उसका घोषणा-पत्र भी अच्छे लोगों के बजाय धनी व बाहुबली लोगों को चुनाव लड़ाने की सोच को दर्शाता है, जिससे गरीबी, बेरोजगारी और पलायन जैसी समस्याएं दूर नहीं हो सकतीं।

इसके विपरीत, मायावती ने दावा किया कि ‘हर हाथ को काम’ और ‘कानून द्वारा कानून का राज’ बसपा के सिद्धांत हैं, जिन पर उनकी चारों सरकारों ने सर्वजन हित में ईमानदारी से काम किया, जबकि सपा, कांग्रेस और भाजपा ऐसा करने में विफल रही हैं।

मायावती ने समाजवादी पार्टी पर एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सपा शासन के दौरान हुए दंगों और जातिगत भेदभाव को कभी नहीं भूल सकती। बसपा प्रमुख ने सपा के चुनावी वादों को महज एक धोखा करार देते हुए आम लोगों से इनसे सावधान रहने की अपील की है।


Discover more from ZH7TV

Subscribe to get the latest posts sent to your email.