महिला आरक्षण से जुड़े नए परिसीमन बिल को कैबिनेट की मंजूरी, विशेष सत्र में लाने की तैयारी

नई दिल्ली: दिल्ली में शुक्रवार दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में प्रधानमत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में महिला आरक्षण से जुड़े नए परिसीमन विधेयक को हरी झंडी दे दी गई है।

सरकार अगले हफ्ते शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में इस बिल को पेश कर पास कराने की तैयारी में है। नए विधेयक में ऐसे बदलाव किए गए है जिससे परिसीमन के बाद किसी भी राज्य की लोकसभा सीटों का अनुपात दूसरे राज्यों की तुलना में कम न हो।

लोकसभा सीटें 50% बढ़ाने को मंजूरी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट ने राज्यों के प्रतिनिधित्व पर परिसीमन के असर को लेकर चिंताओं को दूर करने के उद्देश्य से लोकसभा सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जो 2051 तक लागू रहेगा, जबकि सरकार महिला आरक्षण विधेयक में बदलाव पर भी विचार कर रही है।

इसी बीच, 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलने वाले संसद के विशेष सत्र के मद्देनजर शिवसेना ने अपने सांसदों को उपस्थित रहने के लिए व्हिप जारी किया है। वहीं, बीआरएस नेता रावुला श्रीधर ने कहा कि उनकी पार्टी परिसीमन का समर्थन करेगी, बशर्ते केंद्र सरकार राज्यों के हितों की रक्षा करे और लोकसभा में दक्षिण भारत की मौजूदा 24 प्रतिशत हिस्सेदारी को बरकरार रखे।

श्रीधर ने कहा कि जिन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण में अच्छा काम किया है, उन्हें परिसीमन की वजह से कोई राजनीतिक नुकसान नहीं उठाना चाहिए और केंद्र को सभी राज्यों के हितों को ध्यान में रखकर ही कोई फैसला लेना चाहिए। दूसरी तरफ, राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने भाजपा पर परिसीमन के बहाने अपनी सत्ता और राजनीतिक ताकत बढ़ाने का आरोप लगाया है। सिब्बल ने चेतावनी दी कि यदि ऐसा हुआ, तो देश में बचा-खुचा लोकतंत्र भी पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।


Discover more from ZH7TV

Subscribe to get the latest posts sent to your email.