महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था पर शिवसेना (यूबीटी) का वार, ‘सामना’ में CM फडणवीस को बताया नाकाम

नई दिल्ली: संपादकीय में लिखा गया है कि कभी शांत और सुसंस्कृत माना जाने वाला पुणे शहर अब हर दिन गैंगवार की घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है, जिससे आम लोगों में डर का माहौल है और राज्य का गृह विभाग पूरी तरह सुस्त नजर आ रहा है। ‘सामना’ ने बुधवार को पुणे के शिवाजीनगर कोर्ट परिसर में हुई वारदात का जिक्र करते हुए बताया कि कुछ बदमाश बंदूक और कोयते लेकर अदालत के अंदर घुस आए और एक युवक को गोली मार दी।

इसके बाद हमलावरों ने युवक पर कोयते से कई बार हमला किया और मौके से भाग निकले। शिवसेना (यूबीटी) ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ के संपादकीय में महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था पर तीखा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस की कार्यक्षमता पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

ग्रामीण इलाकों तक फैला कोयता गैंग का आतंक

संपादकीय में कहा गया है कि पुणे शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी ‘कोयता गैंग’ का आतंक फैला हुआ है, जिसका ताजा उदाहरण गुरुवार को दौंड तालुका के लडकतवाड़ी में आंगनबाड़ी शिक्षिका जयश्री रासकर पर हुआ जानलेवा हमला है।

इसके अलावा चिपलूण में कोयतों से हुई झड़प, मुंबई के माहिम में फिरौती न देने पर ज्वेलर की दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग और ठाणे में राम पूर्णकर की गोली मारकर हत्या के बाद आरोपियों के खुलेआम घूमने का जिक्र करते हुए आरोप लगाया गया कि पुलिस की बंदूक महज शोभा की वस्तु बनकर रह गई है।

संपादकीय में यह भी आरोप लगाया गया कि पुलिस राजनीतिक आदेशों पर काम कर रही है और उसका मुख्य काम बीजेपी व शिंदे गुट में शामिल होने वाले गुंडों का आपराधिक रिकॉर्ड साफ करना रह गया है।

साथ ही, विधानसभा अध्यक्ष पर जमीन कब्जाने के लिए अलीबाग में आदिवासियों का गांव बुलडोजर से जमींदोज कराने और स्थानीय प्रशासन व पुलिस द्वारा इस कृत्य को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए इसे मानवता और वर्दी को शर्मसार करने वाला बताया गया है।

संपादकीय में कहा गया है कि मुंबई में बिल्डरों की दबंगई, व्यापारियों पर हमले, रेलवे अपराध, ठाणे हत्याकांड, पुणे का कोयता गैंग और नागपुर की गुंडागर्दी रोकने में पुलिस नाकाम है, जो मुख्यमंत्री की विफलता को दर्शाता है। ‘सामना’ ने तंज कसते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री और उनके लोग भले ही अलग-अलग ‘फेस्टिवल’ मनाने में मग्न हों, लेकिन असल में राज्य के बड़े शहरों में गुंडों के ‘फेस्टिवल’ चल रहे हैं।


Discover more from ZH7TV

Subscribe to get the latest posts sent to your email.