कोचिंग के बाहर फायरिंग मामले में खान सर के खिलाफ FIR दर्ज

कोचिंग के बाहर फायरिंग मामले में खान सर के खिलाफ FIR दर्ज

पटना। बिहार की राजधानी पटना के सबसे चर्चित और मशहूर कोचिंग शिक्षक फैजल खान उर्फ ‘खान सर’ (Khan Sir) की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पटना पुलिस ने खान सर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई राजधानी के कदमकुआं थाने में की गई है।

पुलिस ने कोचिंग संस्थान के बाहर हुई हवाई फायरिंग और आर्म्स एक्ट (Arms Act) के उल्लंघन के मामले में खान सर को नामजद आरोपी बनाया है। इस एफआईआर के बाद अब कदमकुआं थाना पुलिस जल्द ही खान सर से पूछताछ की तैयारी कर रही है।

FIR के बाद मीडिया के सामने आए खान सर, दी सफाई

अपने खिलाफ एफआईआर दर्ज होने की खबर मिलते ही खान सर मीडिया के सामने आए और अपना पक्ष रखा। उन्होंने फायरिंग की घटना को लेकर अनभिज्ञता जताई।

खान सर ने कहा, “वायरल वीडियो में जो सुरक्षा गार्ड गोली चलाते हुए दिखाई दे रहा है, उसने निश्चित तौर पर वह गोली ‘सेल्फ डिफेंस’ (आत्मरक्षा) में चलाई होगी। उस वक्त वहां क्या हालात बने, इसके आधार पर ही गार्ड ने फायरिंग की होगी। इस फायरिंग के बारे में मुझे पहले से कोई जानकारी नहीं थी। जहां तक एफआईआर दर्ज होने की बात है, तो हम कानून का सम्मान करते हैं और पुलिस जांच में पूरा सहयोग करेंगे।”

क्या है पूरा मामला?

यह पूरा विवाद मंगलवार की देर रात शुरू हुआ, जब 15 से 20 उपद्रवियों ने पटना स्थित ‘खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) संस्थान’ पर अचानक हमला बोल दिया। उपद्रवियों ने कोचिंग संस्थान में जमकर तोड़फोड़ की और भारी पथराव किया।

इस घटना के बाद पुलिस ने जब मामले की तफ्तीश शुरू की, तो उन्हें एक वीडियो हाथ लगा। इस वीडियो में खान सर के कोचिंग संस्थान के सुरक्षा गार्ड बाहर सड़क पर सरेआम हवाई फायरिंग करते नजर आ रहे थे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ के दो सुरक्षा गार्डों को हिरासत में ले लिया और उनके हथियार जब्त कर लिए।

‘ज्ञान बिंदु’ कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद पहले ही जा चुके हैं जेल

संस्थान पर हुए हमले को लेकर खुद खान सर ने भी विपक्षी कोचिंग संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। खान सर की शिकायत पर पुलिस ने ‘ज्ञान बिंदु’ कोचिंग संस्थान के निदेशक रौशन आनंद सहित चार लोगों को नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था।

पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रौशन आनंद और उनके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज दिया है। लेकिन अब गार्डों द्वारा की गई जवाबी फायरिंग के कारण खुद खान सर भी कानूनी शिकंजे में फंसते नजर आ रहे हैं।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।