कोटा, प्रयागराज, पटना और दिल्ली में राहुल गांधी करेंगे छात्र सम्मेलन
नीट यूजी रीएग्जाम की डेट भले ही करीब आ गई हो, लेकिन कांग्रेस NEET पेपर लीक के मुद्दे को छोड़ना नहीं चाह रही। राहुल गांधी देश के अलग-अलग शहरों में इसे लेकर छात्र सम्मेलन करने जा रहे हैं
नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट-यूजी’ (NEET-UG) सहित कई अन्य परीक्षाओं में हुए पेपर लीक के मामलों को लेकर एक बड़े छात्र सम्मेलन की शुरुआत करने जा रहे हैं।
इस राष्ट्रव्यापी अभियान का पहला चरण 17 जून को राजस्थान के कोटा से शुरू होगा, जिसके बाद राहुल गांधी 10 जुलाई को प्रयागराज, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में भी सम्मेलनों के माध्यम से छात्रों से सीधा संवाद करेंगे।
इन कार्यक्रमों में परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा, छात्र संगठन, शिक्षक और इस परीक्षा घोटाले से सीधे प्रभावित हुए लोग शामिल होंगे।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शनिवार को इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की।
इसे भी पढ़ें: संसद में पट्टी बांधकर पहुंचे पप्पू यादव, छात्र आंदोलन पर सरकार को घेरा
उन्होंने बताया कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के मार्गदर्शन और राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने पेपर लीक, परीक्षा में गड़बड़ी, बेरोजगारी और युवाओं के साथ हो रहे कथित विश्वासघात के खिलाफ एक बड़ा अभियान छेड़ने की तैयारी की है।
इससे पहले 8 जून को कांग्रेस के महासचिवों, प्रभारियों और प्रदेश अध्यक्षों की बैठक में यह फैसला लिया गया था कि नीट मामले के साथ-साथ बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ देशव्यापी आवाज उठाई जाएगी।
इस आंदोलन के जरिए कांग्रेस मुख्य रूप से NEET के विकेंद्रीकरण, परीक्षा शुल्क को पूरी तरह खत्म करने, पेपर लीक रैकेट में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को पुरजोर तरीके से उठाएगी।
वेणुगोपाल के अनुसार, इस सम्मेलन का उद्देश्य उन लाखों युवा भारतीयों की मुश्किलों को सामने लाना है जिनका भविष्य पेपर लीक और निष्पक्ष, पारदर्शी भर्ती प्रणाली सुनिश्चित करने में सरकार की विफलता के कारण खतरे में पड़ गया है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
