जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे अभिजीत दिपके,मास्क और गुलाब के साथ उतरे प्रदर्शनकारी

जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे अभिजीत दिपके,मास्क और गुलाब के साथ उतरे प्रदर्शनकारी

नीट पेपर लीक और सीबीएसई विवाद को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक बड़ा विरोध प्रदर्शन कर रही है।

 

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक बड़ा विरोध प्रदर्शन कर रही है, जिसके लिए पार्टी को शाम 5 बजे तक की अनुमति मिल चुकी है। इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके अमेरिका से दिल्ली पहुंच चुके हैं।

उनके साथ मशहूर एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक भी इस विरोध का हिस्सा बनेंगे, जो विशेष रूप से लद्दाख से दिल्ली आए हैं। प्रदर्शन की औपचारिक अनुमति लेने के लिए अभिजीत दिपके ने खुद अपने समर्थकों के साथ पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने जाकर अनुमति प्रक्रिया पूरी की।

यह विरोध प्रदर्शन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर किया जा रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी का आरोप है कि NEET पेपर लीक और CBSE मार्कशीट विवाद के लिए पूरी तरह से सरकार जिम्मेदार है।

पार्टी संस्थापक अभिजीत दिपके का कहना है कि सरकार, CBSE बोर्ड और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की लापरवाही और अनदेखी के कारण देश के लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है।

उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले तो पेपर लीक हो जाते हैं और फिर सिर्फ अधिकारियों के तबादले करके कार्रवाई का दिखावा किया जाता है। पार्टी की मांग है कि सरकार को इस दिखावे के बजाय पेपर लीक के खिलाफ एक सख्त और कड़ा कानून बनाना चाहिए।

कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए प्रदर्शनकारी अलग-अलग वेशभूषा में आए हैं। कुछ लोगों ने चेहरे पर कॉकरोच वाले मास्क लगाए हुए हैं। कुछ लोग अपने हाथों में शांति के प्रतीक के रूप में गुलाब के फूल भी साथ लाए हैं। वहीं अभिजीत दिपके की तस्वीरें भी प्रदर्शनस्थल से जारी की गई हैं।

रोहरक पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थन में जा रहे युवाओं को हिरासत में ले लिया है। रोहतक से जिला परिषद वार्ड 10 के सदस्य जयदेव डागर और कई अन्य युवा हिरासत में लिए गए हैं।

बहादुरगढ़ से पहले सांपला के नजदीक रोहद टोल प्लाजा पर पुलिस ने हिरासत में लिया। जयदेव डागर की पुलिस के साथ बीच सड़क पर जोरदार बहस भी हुई। जयदेव डगर कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर पहले भी प्रदर्शन कर चुके हैं। युवाओं को सांपला पुलिस स्टेशन में रखा गया है।

धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो! शिक्षा मंत्री को हमने चुन कर भेजा है, हमारे टैक्स से उनको तनख्वाह मिलती है! उनके शासन काल में करोड़ों युवाओं का भविष्य अंधकार में है। कॉकरोच आ रहे हैं, धर्मेंद्र प्रधान जा रहे हैं!

कॉकरोच जनता पार्टी ने इंस्ट्रग्राम पर भाजपा-कांग्रेस के बाद AAP को भी पीछे छोड़ दिया है। 5 जून तक इंस्टाग्राम पर कॉकरोच के फॉलोअर्स 2.21 करोड़, बीजेपी के 94 लाख, कांग्रेस के 1.37 करोड़ और आप के 19 लाख हैं। वहीं एक्स पर कॉकरोच के फॉलोअर्स 2.5 करोड़, बीजेपी के 2.30 करोड़, कांग्रेस के 1.15 और आप के 61 लाख हैं।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।