अभिजीत दिपके और सोनम वांगचुक जंतर-मंतर पहुंचे, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

अभिजीत दिपके और सोनम वांगचुक जंतर-मंतर पहुंचे, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए आज दिल्ली में हाई अलर्ट पर रहेगी। एयरपोर्ट से जंतर-मंतर तक भारी पुलिस बल और CISF तैनात है। विरोध प्रदर्शन में सोनम वांगचुक शामिल होंगे। वहीं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए धरना दिया जा रहा है।

 

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके अमेरिका से दिल्ली पहुंच चुके हैं और आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है।

इस प्रदर्शन को करने के लिए दिल्ली पुलिस से शाम 5 बजे तक की आधिकारिक अनुमति मिल गई है, जिसके लिए दिपके ने समर्थकों के साथ पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने जाकर अनुमति की प्रक्रिया पूरी की।

लद्दाख के मशहूर एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक भी इस आंदोलन में शामिल होने के लिए दिल्ली आ चुके हैं। यह विरोध प्रदर्शन NEET पेपर लीक और CBSE मार्कशीट विवाद को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के लिए किया जा रहा है।

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके का आरोप है कि सरकार, CBSE बोर्ड और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की लापरवाही के चलते करोड़ों छात्रों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है। उनका कहना है कि सरकार पेपर लीक रोकने के लिए कड़ा कानून बनाने के बजाय केवल अधिकारियों के तबादले करके दिखावा कर रही है।

जंतर-मंतर पर जुटे कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थक केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्होंने शिक्षा मंत्री को चुनकर भेजा है और उन्हें जनता के टैक्स से वेतन मिलता है, लेकिन उनके कार्यकाल में युवाओं का भविष्य अंधकार में चला गया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और एक्स (पहले ट्विटर) पर इस पार्टी के फॉलोअर्स की संख्या भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी जैसी बड़ी राजनीतिक पार्टियों से भी आगे निकल गई है।

अभिजीत दिपके सीधे जंतर-मंतर न पहुंचकर नई दिल्ली के कई इलाकों जैसे टोडर मल रोड, कनॉट प्लेस सर्कल और गोल डाकखाना होते हुए प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआत में प्रदर्शन स्थल पर उम्मीद के मुताबिक भीड़ न जुटने के कारण उन्होंने सीधे जंतर-मंतर जाने के बजाय इन रास्तों का रुख किया था, हालांकि अब सुरक्षा बलों की तैनाती के बीच प्रदर्शन जारी है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।