पेपर लीक पर एक्शन: फास्ट ट्रैक कोर्ट से दोषियों को मिलेगी त्वरित सजा, पीएम मोदी की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और मामलों के त्वरित निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की घोषणा की है
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को पेपर लीक मामलों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए कहा कि देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए उन्होंने स्पष्ट किया कि पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड दिलाने और मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा।
पीएम मोदी ने बताया कि इस संबंध में संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दे दिए गए हैं।
उन्होंने इसे विद्यार्थियों के हितों को सुरक्षित करने के लिए सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों की श्रृंखला में एक अहम कदम बताया और चेतावनी दी कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रधानमंत्री की ओर से यह घोषणा ऐसे समय में की गई है, जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेतृत्व में छात्रों और युवाओं का प्रदर्शन जारी है।
इसे भी पढ़ें: पवन खेड़ा का केंद्र पर तीखा हमला: ‘राम के नाम पर लूट करने वालों को बाहर निकालो’
नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़क से संसद तक संग्राम तेज हो गया है।
बुधवार को जंतर-मंतर पर सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन के दौरान दो जगह हुए पथराव में दो सहायक पुलिस आयुक्तों (एसीपी) समेत छह पुलिसकर्मी चोटिल हो गए।
प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस और आरएएफ ने आंसू गैस के गोले दागे तथा लाठीचार्ज किया, जिसमें कई प्रदर्शनकारी भी घायल हुए हैं।
देर रात जंतर-मंतर और आसपास की सड़कों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और तनाव का माहौल बना रहा।
दिल्ली से शुरू हुआ यह आंदोलन अब देश के अन्य शहरों में भी फैल चुका है। पटना, जयपुर, चेन्नई, अहमदाबाद, तिरुवनंतपुरम और मुंबई समेत देशभर में छात्रों ने प्रदर्शन कर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
