अम्बेनाली घाट हादसा: अनियंत्रित स्कॉर्पियो 700 फीट गहरी खाई में गिरी, सतारा के 8 युवकों की दर्दनाक मौत

अम्बेनाली घाट हादसा: अनियंत्रित स्कॉर्पियो 700 फीट गहरी खाई में गिरी, सतारा के 8 युवकों की दर्दनाक मौत

नई दिल्ली: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में स्थित अम्बेनाली घाट पर आज तड़के एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। महाबलेश्वर और पोलादपुर के बीच एक स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर करीब 700 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में कार में सवार सभी 8 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना आज सुबह करीब 2:45 बजे की बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घाट के एक तीखे मोड़ पर ड्राइवर कार पर से अपना नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण गाड़ी सीधे गहरी खाई में समा गई। चश्मदीदों ने बताया कि कार के गिरते समय उसमें सवार युवक मदद के लिए चीख-पुकार मचा रहे थे, लेकिन जब तक कोई कुछ कर पाता, कार नीचे जा चुकी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। इस भयावह हादसे ने साल 2018 में इसी अम्बेनाली घाट पर हुए उस दर्दनाक बस हादसे की यादें ताजा कर दीं, जिसमें दापोली कृषि विश्वविद्यालय की बस खाई में गिरने से कई लोगों की जान चली गई थी।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पोलादपुर पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, महाबलेश्वर ट्रैकर्स, प्रतापगढ़ रेस्क्यू टीम, सिस्केप महाड, आपदा मित्र और स्थानीय लोग तुरंत राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचे।

खाई बेहद गहरी और रास्ता अत्यंत दुर्गम होने के कारण बचाव दल को रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घने अंधेरे और गहरी खाई के कारण पुलिस को शवों की सही लोकेशन का पता लगाने के लिए दूरबीन का सहारा लेना पड़ा।

इसके बाद रेस्क्यू टीमों ने रस्सियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाला। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर उन्हें कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सभी मृतक सतारा जिले के कोरेगांव तालुका के असगांव के रहने वाले थे। ये सभी युवक कोंकण में अपनी छुट्टियां बिताने के बाद स्कॉर्पियो से वापस अपने घर सतारा लौट रहे थे।

मृतकों की पहचान 25 वर्षीय महेश अनिल पवार, 21 वर्षीय आदित्य अशोक सालुंखे, 25 वर्षीय रितेश राजेंद्र लोखंडे, 20 वर्षीय सुहास जितेंद्र लोखंडे, 18 वर्षीय अंश समीर चव्हाण, 21 वर्षीय उत्कर्ष आनंद शिंगटे, 25 वर्षीय अनिल अभिमन्यू शिंगटे और 35 वर्षीय नितीन किसन नायकोंडे के रूप में हुई है। इस हादसे के बाद मृतकों के गांव और परिवारों में मातम पसरा हुआ है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।