टीएमसी में बड़ी टूट के बीच महुआ मोइत्रा के बदले सुर, शुभेंदु अधिकारी को बताया ‘अच्छा दोस्त’
पश्चिम बंगाल में टीएमसी के टूटने और ममता बनर्जी के राजनीतिक संकट के बीच, सांसद महुआ मोइत्रा ने अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी और वर्तमान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को अपना पुराना और मददगार दोस्त बताकर सबको चौंका दिया है
नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में चुनावी हार के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को बड़ा सियासी नुकसान पहुंचा है, जहां टीएमसी विधायकों ने अपना अलग गुट बनाकर रितब्रता बनर्जी को अपना नेता विपक्ष चुन लिया है।
इसके अलावा काकोली घोष के नेतृत्व में 20 सांसद भी पार्टी से अलग हो चुके हैं, जिससे ममता बनर्जी अपनी पार्टी को बचाए रखने के लिए कड़ा संघर्ष कर रही हैं।
इस राजनीतिक संकट के बीच उनकी करीबी मानी जाने वाली कृष्णानगर की सांसद महुआ मोइत्रा ने एक बेहद चौंकाने वाला बयान दिया है।
मौजूदा समय में बीजेपी नेता और सूबे के मुखिया शुभेंदु अधिकारी की कट्टर विरोधी मानी जाने वाली महुआ मोइत्रा ने बीबीसी को दिए एक इंटरव्यू में उनकी जमकर तारीफ की है और उन्हें अपना अच्छा दोस्त बताया है।
महुआ ने कहा कि जब उनका खराब समय चल रहा था, तब शुभेंदु अधिकारी ने ही उनकी मदद की थी। उन्होंने पुरानी यादों को साझा करते हुए कहा कि जब वे दोनों एक ही पार्टी में थे तो शुभेंदु ने उनका काफी साथ दिया था।और जब उन्होंने करीमपुर से चुनाव लड़ा था तो सिर्फ शुभेंदु ही उनके लिए प्रचार करने आए थे।
इसे भी पढ़ें: आकाश आनंद ने लंबे समय के बाद की राजनीति में वापसी
महुआ मोइत्रा ने भावुक होते हुए याद किया कि साल 2014 में जब उन्हें लोकसभा का टिकट मिलना था, लेकिन किसी वजह से नहीं मिल पाया तो वह रात भर बहुत रोई थीं और उस मुश्किल वक्त में सिर्फ शुभेंदु अधिकारी ने ही उनका साथ देते हुए कहा था, ‘नहीं बहन, मैं हूं ना।
टीएमसी सांसद ने कहा कि ये सारे भावनात्मक कनेक्शन होते हैं, हालांकि आज वे दोनों अलग पार्टी में हैं और उनकी आपस में बात नहीं होती है, यह अलग बात है।
गौरतलब है कि ममता बनर्जी के बेहद करीबियों में शामिल रहे शुभेंदु अधिकारी कभी टीएमसी के कद्दावर नेताओं में से एक हुआ करते थे, जिन्होंने 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले टीएमसी छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था।
और साल 2026 में बीजेपी की बंपर जीत के बाद वे पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बने हैं। वहीं महुआ मोइत्रा ने साल 2016 में करीमपुर सीट से अपना पहला विधानसभा चुनाव लड़ा था, जिस समय शुभेंदु अधिकारी नादिया जिले के टीएमसी पर्यवेक्षक थे।
इसके बाद महुआ ने साल 2019 और फिर 2024 के लोकसभा चुनाव में कृष्णानगर सीट से जीत दर्ज कर दिल्ली का रुख किया था।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
