बांकीपुर उपचुनाव: नितिन नवीन का नुक्कड़ सभा और पॉकेट मीटिंग पर फोकस

बांकीपुर उपचुनाव: नितिन नवीन का नुक्कड़ सभा और पॉकेट मीटिंग पर फोकस

नितिन नवीन ने पटना में बैठक कर बांकीपुर उपचुनाव के लिए बोरिंग रोड और श्री कृष्णा नगर पर खास फोकस करते हुए पॉकेट मीटिंग और नुक्कड़ सभाओं के जरिए जीत का प्लान बनाया है

 

पटना: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर बिहार पहुंचे हैं, जहां वह बांकीपुर उपचुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। आज रविवार को उन्होंने पार्टी के मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं के साथ एक लंबी और महत्वपूर्ण बैठक की।

इस बैठक में नितिन नवीन ने जमीनी हकीकत जानने के लिए कार्यकर्ताओं से सीधे सवाल किए कि क्षेत्र में इस समय क्या दिक्कतें हैं, जनता का मूड क्या कह रहा है और कहीं स्थानीय स्तर पर पार्टी के प्रति कोई नाराजगी तो नहीं है। इस पर कार्यकर्ताओं ने भी चुनावी माहौल को लेकर अपनी बात खुलकर रखी।

कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए नितिन नवीन ने ‘पॉकेट मीटिंग’ (छोटी-छोटी बैठकें) आयोजित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बड़ी सभाओं के बजाय छोटी बैठकें करके लोगों तक पार्टी का संदेश अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है, जिससे मतदाताओं से सीधा संपर्क स्थापित होगा।

रणनीति को धरातल पर उतारने के लिए जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं, जिसके तहत बोरिंग कैनल रोड के मतदाताओं को पार्टी के साथ जोड़े रखने का जिम्मा मुकेश कुमार दिनकर को सौंपा गया है। वहीं, श्री कृष्णा नगर के वोटरों के बीच बीजेपी की जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यों को पहुंचाने के लिए बिनु सिंह को मोहल्ला मीटिंग आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बीजेपी ने इस बार बांकीपुर उपचुनाव की रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। अब बड़े स्तर पर प्रचार करने के बजाय नुक्कड़ सभाओं और पॉकेट मीटिंग के जरिए विरोधियों को शिकस्त देने की तैयारी है।

नितिन नवीन का मानना है कि बोरिंग रोड और श्री कृष्णा पूरी जैसे प्रबुद्ध व जागरूक मतदाता वाले इलाकों को यदि मजबूती से संभाल लिया गया, तो इसका सकारात्मक असर क्षेत्र के बाकी हिस्सों पर भी साफ दिखाई देगा।

गौरतलब है कि बांकीपुर सीट पर आगामी दिनों में उपचुनाव होना है और बीजेपी इस सीट को हर हाल में जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक रही है, जिसमें नितिन नवीन का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Sanjana Kumari

संजना कुमारी: रियल-टाइम खबरों पर मजबूत पकड़ रखने वाली डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और पत्रकार, जो सामाजिक-राजनीतिक, क्षेत्रीय और सांस्कृतिक घटनाक्रमों को डिजिटल दर्शकों के लिए सटीक व आकर्षक बनाती हैं