Bihar: मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल में भीषण आग, 20 हताहत; ICU में अफरातफरी, पांच मौतों की पुष्टि

Bihar: मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल में भीषण आग, 20 हताहत; ICU में अफरातफरी, पांच मौतों की पुष्टि

मुजफ्फरपुर में मरीजों की मौत का कारण ऑक्सीजन मॉनिटरिंग उपकरण में आई तकनीकी खराबी बनी, जिस पर डीएम ने जांच के आदेश देते हुए स्पष्ट किया कि लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

नई दिल्ली: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के प्रसाद अस्पताल में गुरुवार तड़के करीब दो बजे एक भीषण हादसा हो गया, जहां अस्पताल के आईसीयू (ICU) वार्ड में आग लगने से अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।

मृतकों की पहचान औराई के 30 वर्षीय शशांक कुमार, कथैया की गीता देवी, और तरियानी-शिवहर के 57 वर्षीय उदय कुमार, कृष्ण नंदन और चंचला कुमारी के रूप में हुई है। हादसे के वक्त आईसीयू और सीसीयू (CCU) वार्ड को मिलाकर करीब 20 मरीज अस्पताल में भर्ती थे।

जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन के अनुसार, अब तक की शुरुआती जांच में आग लगने की मूल वजह शॉर्ट सर्किट सामने आई है। बताया जा रहा है कि आईसीयू में लगे एक मॉनिटर में सबसे पहले आग लगी, जो देखते ही देखते पूरे वार्ड में फैल गई। इसके बाद आईसीयू और सीसीयू में धुएं का भारी गुबार भर गया, जिसकी चपेट में आने और दम घुटने से लोगों की मौतें हुईं।

जिलाधिकारी ने इस पूरे अगलगी कांड की उच्चस्तरीय जांच के लिए एक एसआईटी (SIT) का गठन किया है, जिसमें एसडीएम और एसडीपीओ भी शामिल हैं। इसके साथ ही शवों के पोस्टमार्टम के लिए एक मेडिकल बोर्ड का भी गठन कर उन्हें मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

इस हादसे पर दुख जताते हुए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शोक-संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को अविलंब चार-चार लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान (मुआवजा) देने का निर्देश दिया है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और हादसे में झुलसे व प्रभावित मरीजों को अन्य अस्पतालों व सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि घायलों के समुचित इलाज में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी और उनके इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार खुद उठाएगी।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।