दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश को मिलेगी गर्मी से राहत, IMD ने जारी किया बारिश का अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश को मिलेगी गर्मी से राहत, IMD ने जारी किया बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में 3 मई से 5 मई 2026 तक लगातार तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।

विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट जारी किया है, जिसके दौरान हवा की रफ्तार 40 से 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। राज्य के पश्चिमी हिस्सों से लेकर पूर्वांचल तक आंधी और बारिश की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। IMD ने यूपी के कई जिलों में गरज के साथ बौछारें और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।

कानपुर और आसपास के इलाकों में 4 और 5 मई को हल्की बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है, जिससे अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। बुंदेलखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बिजली कड़कने और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं बिहार में भी मौसम विभाग ने करीब 22 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। राज्य में 1 मई से 5 मई 2026 के बीच छिटपुट बारिश, बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। विशेष रूप से 4 मई को बिहार के कुछ हिस्सों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

इस मौसमी बदलाव के कारण बिहार और झारखंड के तापमान में भी उल्लेखनीय कमी आएगी, जिससे लोगों को पिछले कई दिनों से पड़ रही तपिश से बड़ी राहत मिलेगी।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।