चुनावी खर्च के दौरान: बीजेपी के खजाने में आए 1472.8 करोड़, कांग्रेस की रिपोर्ट भी जारी
नई दिल्ली: बीजेपी ने असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के दौरान मिले पैसों और खर्च का हिसाब चुनाव आयोग को दे दिया है। इस समय के दौरान पार्टी के मुख्य दफ्तर को कुल 1,472.8 करोड़ रूपये का फंड मिला था। हालांकि, बीजेपी ने अभी पश्चिम बंगाल और केरल के चुनावों में हुए खर्च का डेटा चुनाव आयोग को नहीं सौंपा है।
चुनाव आयोग को दिए गए आंकड़ों के अनुसार, चुनाव संपन्न होने पर पार्टी का क्लोजिंग बैलेंस बढ़कर 7,627.2 करोड़ रुपये हो गया। यह राशि 15 मार्च 2026 को 6,722.6 करोड़ रुपये थी, यानी इस अवधि में पार्टी के बैलेंस में करीब 904.6 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
राज्यवार कुल खर्च
असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में बीजेपी ने केंद्रीय मुख्यालय के साथ-साथ संबंधित राज्य और जिला इकाइयों को मिलाकर कुल 160 करोड़ रुपये खर्च किए। इसमें असम में 96.3 करोड़ रुपये, तमिलनाडु में 51.6 करोड़ रुपये और पुडुचेरी में 11.9 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
पार्टी ने इन चुनावों में करीब 130.4 करोड़ रुपये सामान्य प्रचार पर, जबकि 29.6 करोड़ रुपये उम्मीदवारों को एकमुश्त भुगतान और उनके आपराधिक रिकॉर्ड के प्रचार पर खर्च किए। पश्चिम बंगाल और केरल के चुनाव खर्च के विवरण अभी चुनाव आयोग द्वारा सार्वजनिक किए जाने बाकी हैं।
असम के लिए जारी चुनावी खर्च के ब्योरे के मुताबिक, पार्टी ने आम प्रचार पर 76.7 करोड़ रुपये खर्च किए, जिसमें केंद्रीय इकाई द्वारा खर्च किए गए 23.1 करोड़ रुपये और उम्मीदवारों पर खर्च किए गए 19.5 करोड़ रुपये शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें: उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को सरकार का झटका, अब 9 नहीं सिर्फ इतने मिलेंगे सिलेंडर
इसके अलावा, असम में स्टार प्रचारकों की यात्रा पर 27.3 करोड़ रुपये, विज्ञापनों पर 37 करोड़ रुपये, प्रचार सामग्री पर 8.9 करोड़ रुपये और राज्य इकाई के अन्य खर्चों पर 2.3 करोड़ रुपये खर्च हुए। साथ ही, उम्मीदवारों को कुल 19.4 करोड़ रुपये दिए गए और उनके आपराधिक रिकॉर्ड को प्रकाशित करने पर 16.7 लाख रुपये खर्च किए गए।
तमिलनाडु में बीजेपी का कुल खर्च 51.6 करोड़ रुपये रहा, जिसमें सामान्य चुनाव प्रचार के लिए 44.5 करोड़ रुपये और उम्मीदवारों पर करीब 7 करोड़ रुपये खर्च किए गए। वहीं, पुडुचेरी में पार्टी का कुल चुनावी खर्च 11.9 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
इस बीच, कांग्रेस ने भी इन्हीं चुनावों में हुए अपने खर्च का हिसाब पहले ही दे दिया था, जिसके मुताबिक पार्टी ने कुल 248.6 करोड़ रूपये खर्च किए थे। यह रकम बीजेपी को मिले फंड के मुकाबले काफी कम है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
