‘हर घर जल’ का दावा सिर्फ कागजों पर: खड़गे ने भाजपा सरकार को घेरा
नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को गुजरात में पीने के पानी की खराब हालत को लेकर बीजेपी सरकार पर बड़ा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “हर घर जल” का दावा पूरी तरह फेल हो चुका है और लोगों को साफ पानी नहीं मिल रहा है।
खड़गे का कहना है कि सरकार सिर्फ बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन हकीकत में गुजरात के लोगों को पीने के लिए गंदा और दूषित पानी मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार जनता को बुनियादी सुविधाएं देने में पूरी तरह नाकाम रही है।
खड़गे ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर कहा
‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए खड़गे ने दावा किया कि गुजरात में 10 में से करीब नौ पानी के नमूने पीने योग्य नहीं पाए गए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान शुरू की गई ‘सुजलाम-सुफलाम’ योजना का जिक्र करते हुए कहा कि 2004 में इसका भारी प्रचार किया गया था, लेकिन आज भी राज्य के कई हिस्सों में लोग पानी के लिए तरस रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष के अनुसार, प्रधानमंत्री बनने के बाद यही दावे ‘जल जीवन मिशन’ के जरिए आगे बढ़ाए गए। उन्होंने नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की 2022 की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि राज्य में 100 प्रतिशत नल कनेक्शन देने के दावों की पोल खुल चुकी है और करीब 14 लाख घर आज भी पानी का इंतजार कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: ममता बनर्जी को एक और झटका, टीएमसी के तीसरे राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बाराइक का इस्तीफा, पार्टी में मची भगदड़
खड़गे ने अहमदाबाद जिले के धोलका में दूषित पानी पीने के कारण 54 लोगों की कैंसर से मौत होने की हालिया खबरों का भी उल्लेख किया। इसके अलावा, उन्होंने राजकोट, जामनगर और कच्छ-सौराष्ट्र के अन्य इलाकों में गंभीर पेयजल संकट तथा किसानों के सूखे से जूझने का भी दावा किया।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि बीजेपी एक तरफ तो गुजरात की जनता को साल 2047 तक ‘विकसित भारत’ बनाने के बड़े-बड़े सपने दिखा रही है, लेकिन दूसरी तरफ पिछले 28 सालों से सिर्फ झूठा प्रचार करके लोगों को धोखा दे रही है।
उनका कहना है कि सरकार चमकीली और नकली तस्वीरें दिखाकर अपनी कमियां छुपाती है। उन्होंने सरकार की ‘सुजलाम-सुफलाम’ योजना पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के राज में न तो ‘सुजलाम’ यानी शुद्ध पानी बचा है और न ही ‘सुफलाम’ यानी भरपूर उपज और फसल मिल पर रही है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
