रोमांचक मैच में जीता भारत, दूसरे T20 में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर सीरीज में बनाई 2-0 की बढ़त
नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च में खेले गए दूसरे T20 मुकाबले में भारतीय टीम ने बेहद रोमांचक अंदाज में शानदार जीत दर्ज की है। क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में भारत ने मेजबान न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने पांच मैचों की T20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही और टीम ने 41 रन पर ही अपने 3 अहम विकेट गंवा दिए थे। हालांकि इसके बाद ग्लेन फिलिप्स (70 रन, 43 गेंद) और बीवोन जैकब्स (58 रन, 46 गेंद) ने चौथे विकेट के लिए 116 रनों की मजबूत साझेदारी कर अपनी टीम को संभाला। न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 180 रनों का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।
भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट झटके, जबकि प्रिंस यादव, भुवनेश्वर कुमार और नीतीश कुमार रेड्डी ने 1-1 विकेट हासिल किया।
भारतीय टीम की खराब शुरुआत
181 रनों का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। न्यूजीलैंड के कप्तान और स्पिनर मिचेल सेंटनर की घातक गेंदबाजी (4/21) के आगे भारत का ऊपरी क्रम धराशायी हो गया। संजू सैमसन (14), अभिषेक शर्मा (27), श्रेयस अय्यर (7) और अक्षर पटेल (11) सस्ते में पवेलियन लौट गए। एक समय भारतीय टीम 70 रनों पर अपने 5 विकेट खोकर गहरे संकट में दिखाई दे रही थी। इसके बाद नमन धीर ने 17 गेंदों पर 31 रन बनाकर टीम को उबारने की कोशिश की, लेकिन 112 रन के स्कोर पर वह भी आउट हो गए।
इसे भी पढ़ें: JPCS- JSSC मांगों को लेकर रांची में छात्रों का विरोध प्रदर्शन 20वें दिन भी जारी
112 रन पर 6 विकेट गिरने के बाद मैदान पर आए हैदराबाद के दो युवा बल्लेबाजों—तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी ने भारतीय उम्मीदों को जिंदा रखा। तिलक वर्मा ने मुश्किल परिस्थितियों में संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया।
तिलक वर्मा ने महज 26 गेंदों में 6 चौके और 1 छक्के की मदद से नाबाद 51 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली, जबकि दूसरे छोर पर उनका साथ दे रहे नीतीश कुमार रेड्डी ने 13 गेंदों पर धुआंधार नाबाद 26 रन बनाए। दोनों के बीच हुई नाबाद 69 रनों की साझेदारी की बदौलत भारत ने 19.5 ओवर में 6 विकेट खोकर 181 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया और 1 गेंद शेष रहते मुकाबले में रोमांचक जीत दर्ज की। शानदार और दबाव मुक्त बल्लेबाजी के लिए तिलक वर्मा को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। सीरीज का तीसरा टी20 मुकाबला मंगलवार, 27 अक्टूबर को वेलिंगटन में खेला जाएगा।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
