जयराम रमेश का सरकार पर वार: महंगाई से आम आदमी परेशान, नोएडा की 200 फैक्ट्रियां बंद
नई दिल्ली: जयराम रमेश ने सोशल मीडिया (एक्स) पर एक सर्वे का हवाला देते हुए बताया कि पिछले एक साल में 61 प्रतिशत परिवारों का मासिक खर्च 20 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ गया है। बढ़ती महंगाई के कारण 74 प्रतिशत लोग अपने शौक या गैर-जरूरी खर्चों में कटौती करने को मजबूर हैं, जबकि 50 प्रतिशत लोगों को घर का जरूरी सामान भी पहले से कम खरीदना पड़ रहा है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बढ़ती महंगाई और देश के कपड़ा उद्योग की बदहाली को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले एक साल में रोजमर्रा के खाद्य पदार्थों की कीमतों में भारी उछाल आया है, जिसमें घी व खाद्य तेल 75 फीसदी, सब्जियां 73 फीसदी, चावल-गेहूं व अन्य अनाज 71 फीसदी, दूध व डेयरी उत्पाद 65 फीसदी और दालें 62 फीसदी तक महंगी हुई हैं।
इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ, कच्चे माल की बढ़ती कीमतों और सरकारी उपेक्षा के कारण अकेले नोएडा में पिछले एक साल के दौरान 200 गारमेंट फैक्ट्रियां बंद हो गई हैं, जो पूरे देश के टेक्सटाइल उद्योग के संकट को दर्शाता है। रमेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि एक तरफ महंगाई से लोगों की थाली से जरूरी चीजें कम हो रही हैं और उद्योग-कारोबार बंद हो रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री को इस गंभीर संकट के बीच भी केवल राजनीति की चिंता सता रही है।
इसे भी पढ़ें: अधीर रंजन का बीजेपी पर हमला: दल बदलने वाले नेताओं को कहा ‘स्वार्थी’
जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने न तो आम जनता की मुश्किलों को समझने की कोशिश की है और न ही उन्हें राहत देने के लिए कोई ठोस कदम उठाया है। उन्होंने सरकार की आर्थिक नीतियों को जनता के खिलाफ बताते हुए कहा कि इन गलत फैसलों का नुकसान आज आम नागरिक और व्यापारी, दोनों को झेलना पड़ रहा है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
