महायुति की बंपर जीत, 17 में से 16 सीटों पर लहराया परचम, नासिक में BJP बागी ने दिया एकमात्र झटका

महायुति की बंपर जीत, 17 में से 16 सीटों पर लहराया परचम, नासिक में BJP बागी ने दिया एकमात्र झटका

महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में सत्तारूढ़ महायुति ने लोकल अथॉरिटीज क्षेत्र की 17 सीटों में से 16 सीटों पर शानदार जीत दर्ज की है, जिसमें 6 सीटें वोटिंग से पहले ही निर्विरोध जीत ली गई थीं, जबकि नासिक सीट पर भाजपा के बागी निर्दलीय उम्मीदवार गोकुल गीते ने जीत हासिल की है

 

महाराष्ट्र: महाराष्ट्र विधान परिषद (MLC) की 17 सीटों के चुनाव में महायुति गठबंधन ने भारी जीत दर्ज की है, जहां उसने 17 में से 16 सीटों पर अपना परचम लहराया।

इन सीटों के लिए 18 जून को वोटिंग हुई थी, लेकिन मतदान से पहले ही महायुति के उम्मीदवारों ने 6 सीटों पर निर्विरोध जीत हासिल कर ली थी।

वहीं आज यानी 22 जून को बाकी 11 सीटों के नतीजे घोषित किए गए। सत्तारूढ़ गठबंधन को एकमात्र झटका नासिक में लगा, जहां निर्दलीय उम्मीदवार और बीजेपी के बागी गोकुल गीते ने शिवसेना के आधिकारिक उम्मीदवार नरेंद्र दराडे को हरा दिया। इस चुनाव में बीजेपी ने 11, शिवसेना ने 4 और एनसीपी ने 2 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे।

विजेताओं की सूची में ठाणे से रवींद्र फाटक (शिवसेना), यवतमाल से दुष्यंत चतुर्वेदी (शिवसेना), रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग से अनिकेत तटकरे (NCP), पुणे से विक्रम काकड़े (NCP), वर्धा-गढ़चिरौली-चंद्रपुर से अरुण लखानी (BJP) और अहिल्यानगर से प्राजक्त तनपुरे (BJP) ने निर्विरोध जीत दर्ज की।

इनके अलावा छत्रपति संभाजीनगर-जालना से सुहास शिरसाट (BJP), भंडारा-गोंदिया से अविनाश ब्रह्मणकर (BJP), परभणी-हिंगोली से सईद खान (शिवसेना), सोलापुर से राजेंद्र राउत (BJP), धाराशिव-लातूर-बीड से बसवराज पाटिल (BJP), नागपुर से राजीव पोतदार (BJP), जलगांव से नंदकिशोर महाजन (BJP), अमरावती से प्रवीण पोटे (BJP) और नांदेड़ से अमर राजुरकर (BJP) चुनाव जीतकर आए हैं।

सांगली-सातारा विधान परिषद सीट पर भी महायुति समर्थित बीजेपी उम्मीदवार धैर्यशील कदम ने शानदार जीत दर्ज कर अपना दबदबा कायम रखा। उन्होंने कुल 885 मतों में से 593 प्रथम वरीयता मत हासिल किए और अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी महाविकास आघाड़ी समर्थित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के उम्मीदवार अभयसिंह जगताप को 301 मतों के अंतर से पराजित किया।

अभयसिंह जगताप को इस चुनाव में 292 मत प्राप्त हुए। परिणाम घोषित होने के बाद जगताप ने दावा किया कि महाविकास आघाड़ी के पास मूल रूप से केवल 192 मत थे, लेकिन उन्हें 292 मत मिले, जिसका मतलब है कि महायुति के करीब 100 मत उनके पक्ष में आए हैं। इस शानदार जीत के बाद बीजेपी और महायुति कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और जगह-जगह जश्न मनाया जा रहा है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Muskan Asif

मुस्कान आसिफ़ (ZH7TV) एक अनुभवी और रचनात्मक कंटेंट, डायनेमिक डिजिटल एडिटोरियल प्रोफेशनल पत्रकार हैं। जो बड़ी और असरदार खबरों का सटीक विश्लेषण करने में माहिर हैं। वे अपने नेटवर्क की पहुँच बढ़ाने के लिए बेहद आकर्षक वीडियो, टेक्स्ट और इंटरैक्टिव डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं।