करोड़ों यात्रियों को बड़ी राहत: 15 जुलाई को लॉन्च होगी IRCTC की नई सुपरफास्ट वेबसाइट

करोड़ों यात्रियों को बड़ी राहत: 15 जुलाई को लॉन्च होगी IRCTC की नई सुपरफास्ट वेबसाइट

जयपुर में एक छात्रा की शिकायत पर तुरंत संज्ञान लेते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आगामी 15 जुलाई 2026 तक IRCTC की नई सुपरफास्ट और यूजर-फ्रेंडली वेबसाइट लॉन्च करने का बड़ा एलान किया है

जयपुर: भारतीय रेलवे की टिकट बुकिंग वेबसाइट (IRCTC) के स्लो चलने और हैंग होने की समस्या से परेशान करोड़ों यात्रियों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है।आने वाली 15 जुलाई 2026 तक IRCTC की एक बिल्कुल नई, हाई-टेक और सुपरफास्ट वेबसाइट लॉन्च कर दी जाएगी।

अमूमन फिल्मों में दिखने वाला यह त्वरित फैसला हकीकत में तब बदला जब केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जयपुर स्थित मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) में छात्रों के साथ संवाद के दौरान एक छात्रा की शिकायत पर तुरंत एक्शन ले लिया।

दरअसल, गुरुवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जयपुर के MNIT संस्थान में युवाओं से बातचीत करने पहुंचे थे। इसी दौरान एक छात्रा ने सीधे रेल मंत्री के सामने IRCTC वेबसाइट का मुद्दा उठाते हुए शिकायत की कि ऑनलाइन टिकट बुकिंग करते समय वेबसाइट अक्सर हैंग हो जाती है, जिससे यात्रियों का काफी समय बर्बाद होता है और परेशानी उठानी पड़ती है।

छात्रा ने विशेष रूप से यह भी बताया कि टिकट बुक करते समय आने वाले पेचीदा कैप्चा कोड (Captcha Code) को भरने में सबसे ज्यादा दिक्कत आती है, जिससे तत्काल टिकट बुकिंग के समय कंफर्म सीट मिलना लगभग नामुमकिन हो जाता है।

छात्रा की इस व्यावहारिक समस्या को रेल मंत्री ने बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने बिना वक्त गंवाए मंच से ही सीधे रेलवे के संबंधित उच्च अधिकारी को फोन मिला दिया। रेल मंत्री ने अधिकारी से कहा कि छात्रों और आम लोगों की पुरजोर मांग है कि IRCTC की एक नई वेबसाइट तैयार की जानी चाहिए।

इसके साथ ही उन्होंने अधिकारी से पूछा कि क्या हम इसे अगले 30 दिनों के भीतर तैयार कर सकते हैं? अधिकारी से हरी झंडी मिलने के बाद रेल मंत्री ने तुरंत छात्रों के बीच खड़े होकर बड़ा एलान कर दिया कि अगले महीने की 15 तारीख यानी 15 जुलाई 2026 को IRCTC की नई वेबसाइट देश को समर्पित कर दी जाएगी।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नए पोर्टल की खूबियां बताते हुए कहा कि आगामी वेबसाइट मौजूदा वेबसाइट की तुलना में कहीं अधिक तेज, आधुनिक और यूजर-फ्रेंडली होगी। इसमें टिकट बुकिंग की पूरी प्रक्रिया को बेहद आसान और सुगम बनाया जा रहा है ताकि कैप्चा या हैंग होने जैसी पुरानी दिक्कतों से हमेशा के लिए निजात मिल सके।

इसी बातचीत के दौरान एक अन्य छात्र ने रेल यात्रा को और अधिक सुलभ बनाने के लिए ट्रेनों में महिलाओं के लिए ‘बेबी फीडिंग रूम’ (स्तनपान कक्ष) बनाने का एक बेहतरीन सुझाव दिया।

रेल मंत्री ने इस सुझाव की भी सराहना की और इसे तुरंत डायरी में नोट करते हुए अधिकारियों को अमल में लाने के निर्देश दिए, जिसके तहत आने वाले समय में ट्रेनों के डिब्बों में बेबी फीडिंग के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।