लोकतंत्र मार्च के बाद विपक्ष का महामंथन; आज राहुल गांधी के घर सजेगी ‘चाय की चौपाल’

लोकतंत्र मार्च के बाद विपक्ष का महामंथन; आज राहुल गांधी के घर सजेगी ‘चाय की चौपाल’

नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आज विपक्षी एकजुटता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और छात्र संघ के प्रतिनिधियों को अपने घर पर चाय पर बुलाया है। यह अनौपचारिक बैठक नई दिल्ली के 5, सुनहरी बाग रोड स्थित उनके निवास पर शाम 4 बजे रखी गई है।

इस निमंत्रण पत्र के मुताबिक, चाय के इस कार्यक्रम से ठीक पहले विपक्षी नेताओ की एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी, जिसमें उनके हालिया ‘लोकतंत्र मार्च’ और सुप्रीम कोर्ट में दाखिल याचिका के बाद के घटनाक्रमों पर चर्चा की जाएगी।

राहुल गांधी के आवास पर होने वाली विपक्षी दलों की बैठक में कथित “वोट चोरी” और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर सरकार व निर्वाचन आयोग को घेरने की रणनीति पर विचार-विमर्श किए जाने की संभावना है, साथ ही मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर भी चर्चा हो सकती है।

यह बैठक ऐसे समय में बुलाई गई है जब विपक्षी दलों ने हाल ही में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च निकाला था और इस मामले में सर्वोच्च अदालत में एक याचिका भी दायर की है।

कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी दलों का लगातार यह रुख रहा है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए मतदाता सूची की शुचिता और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा बेहद जरूरी है, जिसके चलते वे मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Sanjana Kumari

संजना कुमारी: रियल-टाइम खबरों पर मजबूत पकड़ रखने वाली डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और पत्रकार, जो सामाजिक-राजनीतिक, क्षेत्रीय और सांस्कृतिक घटनाक्रमों को डिजिटल दर्शकों के लिए सटीक व आकर्षक बनाती हैं