राहुल गांधी का रायबरेली दौरा: आज लालगंज में महिलाओं से करेंगे सीधा संवाद

राहुल गांधी का रायबरेली दौरा: आज लालगंज में महिलाओं से करेंगे सीधा संवाद

लखनऊ: संसद में महिला आरक्षण को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच भारतीय जनता पार्टी राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में लगातार हमलावर रुख अपनाए हुए है। हाल ही में भाजपा की महिला ब्रिगेड ने धरना-प्रदर्शन कर राहुल गांधी को निशाने पर लिया था।

इस राजनीतिक गर्माहट के बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र के लालगंज में महिलाओं से सीधे संवाद करने पहुंच रहे हैं। कई मायनों में अहम माने जा रहे इस दौरे में राहुल गांधी पहली बार विशेष रूप से महिलाओं से रू-ब-रू होंगे, जहां वह रसोई गैस सिलिंडर, महंगाई, सोने-चांदी की कीमतों और पेट्रोल-डीजल जैसे मुद्दों को उठाकर केंद्र सरकार की घेराबंदी कर सकते हैं।

इससे पहले अप्रैल महीने में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में राहुल गांधी नहीं आ पाए थे, जिसके बाद से ही मई में उनके दौरे की अटकलें लगाई जा रही थीं।

लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद राहुल गांधी जब भी रायबरेली आते हैं, तो किसी न किसी विधानसभा क्षेत्र में जनता से जरूर संवाद करते हैं। इससे पहले वह ऊंचाहार, सदर और हरचंदपुर में लोगों से मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन इस बार मंगलवार को वह पहली बार खीरों क्षेत्र का दौरा करेंगे।

तय कार्यक्रम के मुताबिक, राहुल गांधी मंगलवार दोपहर 11 बजे खीरों पहुंचेंगे, जहां मुख्य चौराहे के पास स्थित सरस्वती इंटर कॉलेज के सामने एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह लालगंज के लिए रवाना होंगे और वहां एक गेस्ट हाउस में महिलाओं के साथ खास बातचीत करेंगे।

लोकसभा चुनाव में महिलाओं ने राहुल गांधी के पक्ष में जमकर मतदान किया था, इसलिए इस संवाद के जरिए वह आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर महिलाओं की नब्ज टटोलने और उनके मन की बात जानने का प्रयास भी करेंगे।

सांसद के इस दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं। सोमवार को सुरक्षा बलों ने खीरों और लालगंज में कार्यक्रम स्थलों के साथ-साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और खीरों थाने का भी बारीकी से निरीक्षण किया। संभावना जताई जा रही है कि राहुल गांधी थाने और सीएचसी का औचक निरीक्षण भी कर सकते हैं।

दूसरी तरफ, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में इस दौरे को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। खीरों में कार्यक्रम प्रभारी राहुल बाजपेई, कोआर्डिनेटर सूजा खान गांधी, पूर्व विधायक सुरेंद्र विक्रम सिंह, पंकज सिंह, नीरज मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार लोधी और सोमू शुक्ला ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।

वहीं लालगंज में बृजेंद्र नगर मोहल्ला, बेहटा चौराहा, बाईपास रोड, नगर पंचायत कार्यालय और गांधी चौराहे पर यूथ कांग्रेस व अन्य कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत की तैयारी की गई है।

विधानसभा प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, लाल असीकरण सिंह, संतोष त्रिवेदी, महेश प्रसाद शर्मा और कामता प्रसाद गौड़ सहित पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लेते हुए कहा कि राहुल गांधी के आगमन को लेकर पूरी पार्टी एकजुट और उत्साहित है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।