यूपी: बकरीद को लेकर अलर्ट मोड पर संभल प्रशासन, निकाला फ्लैग मार्च
बकरीद पर डीएम और एसपी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने कुर्बानी सार्वजनिक स्थानों पर न करने के निर्देश दिए हैं।
उत्तर प्रदेश: संभल में बकरीद के त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी (डीएम) और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने भारी पुलिस बल के साथ नखासा और कोतवाली क्षेत्र में पैदल गश्त की।
इस दौरान अधिकारियों ने बाजारों, संवेदनशील इलाकों और प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से आपसी भाईचारा व शांति बनाए रखने की अपील की।
अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और प्रभावी चेकिंग अभियान चलाने के कड़े निर्देश दिए हैं। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
बृहस्पतिवार को मनाए जाने वाले इस त्योहार को लेकर गुन्नौर और गांव सैंजना मुस्लिम समेत करीब 30 मस्जिदों में नमाज अदा की जाएगी। प्रशासन ने इसे लेकर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। गुन्नौर कोतवाली प्रभारी संजय कुमार के अनुसार, सुरक्षा के मद्देनजर 70 से अधिक पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही स्वच्छता बनाए रखने के लिए कुर्बानी के बाद निकलने वाले अपशिष्ट को केवल निर्धारित गड्ढों में ही डालने के निर्देश दिए गए हैं।
इसे भी पढ़ें: सागर सिंह तोमर का सवाल: दलितों के लिए राज्यसभा का रास्ता इतना कठिन क्यों
पशुपालकों को भी नोटिस जारी कर त्योहार के दौरान पशुओं को खुले में न छोड़ने की सख्त हिदायत दी गई है। उल्लेखनीय है कि करीब 50 हजार की आबादी वाले गुन्नौर नगर में लगभग 70 प्रतिशत मुस्लिम परिवार निवास करते हैं।
नगर की प्रमुख मस्जिदों जैसे जामा मस्जिद, सुन्नी नूरानी मदीना मस्जिद, लाल मस्जिद, मजनू शाह मस्जिद, दालान वाली मस्जिद, काजियान मस्जिद और रजा मस्जिद समेत 30 से अधिक स्थलों पर बकरीद की नमाज होगी। वहीं, गांव सैंजना मुस्लिम की मदीना मस्जिद, जामा मस्जिद, पूर्व वाली मस्जिद और बीच वाली मस्जिद में भी नमाज अदा की जाएगी।
सुन्नी नूरानी मदीना मस्जिद के मौलाना हाफिज फुरकान रजा ने बताया कि ईद की नमाज के बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू होगा, जो 30 मई के सूर्यास्त तक चलेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि कुर्बानी केवल निजी या निर्धारित स्थानों पर ही करें, सार्वजनिक स्थलों पर इससे बचें और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी बिल्कुल न करें।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
