कतर गैस प्लांट हादसे में 12 भारतीयों की मौत
कतर के रास लाफान गैस प्लांट में दो दिन पहले ही काम शुरू होने के बाद रविवार रात हुए एक भीषण धमाके में 12 भारतीयों सहित कुल 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई
दोहा: कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी स्थित बरजान गैस फैसिलिटी में रविवार रात हुए एक भीषण धमाके और आगजनी में 12 भारतीयों सहित कुल 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 66 अन्य लोग घायल हुए हैं।
दोहा स्थित भारतीय दूतावास और कतर के ऊर्जा मंत्री व कतर एनर्जी के मुख्य कार्यकारी साद अल-काबी ने इस घटना की पुष्टि की है।
अधिकारियों के अनुसार, धमाका तब हुआ जब मेंटेनेंस के लिए दिसंबर 2025 से बंद पड़े इस प्लांट को दो दिन पहले ही दोबारा शुरू करने की कोशिश की जा रही थी।
इसे भी पढ़ें: कसाब के किरदार से सुर्खियों में आए ललित प्रभाकर, इमरान हाशमी संग भी कर चुके है काम
धमाका इतना जोरदार था कि इसकी गूंज 70 किलोमीटर दूर दोहा तक महसूस की गई। कतरी प्रशासन ने किसी भी तरह की तोड़फोड़ या हमले से इनकार करते हुए इसे एक तकनीकी दुर्घटना बताया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे को लेकर भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। दूतावास ने बताया कि हादसे में घायल हुए सभी लोगों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उनका उचित इलाज चल रहा है।
भारतीय अधिकारियों ने कतरी प्रशासन के साथ संपर्क साध रखा है और प्रभावित नागरिकों को हर संभव सहायता देने के साथ-साथ मृतकों के पार्थिव शरीरों को जल्द से जल्द भारत भेजने की व्यवस्था की जा रही है।
गौरतलब है कि बरजान फैसिलिटी कतर के घरेलू बिजली उत्पादन और पानी को मीठा बनाने वाले डिसेलिनेशन प्लांटों के लिए गैस आपूर्ति करने वाला एक बेहद महत्वपूर्ण केंद्र है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
