सुप्रीम कोर्ट में 5 नए जजों ने ली शपथ; जजों की संख्या बढ़कर हुई 37, अब सिर्फ एक पद खाली
सीजेआई सूर्यकांत ने सुप्रीम कोर्ट में पांच नए जजों को शपथ दिलाई। इसके साथ ही अदालत में जजों की संख्या बढ़कर 37 हो गई है और अब केवल एक पद रिक्त है। वरिष्ठ वकील वेंकिता सुब्रमणि मोहना सीधे बार से सुप्रीम कोर्ट की जज बनने वाली देश की दूसरी महिला हैं।
नई दिल्ली: भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने आज सुप्रीम कोर्ट के पांच नए जजों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इन नई नियुक्तियों के साथ ही सर्वोच्च न्यायालय में जजों की कुल संख्या बढ़कर 37 हो गई है। अब अदालत में स्वीकृत 38 पदों में से केवल एक पद खाली रह गया है।
सुप्रीम कोर्ट में शामिल होने वाले नए जजों में वरिष्ठ वकील वेंकिता सुब्रमणि मोहना, बॉम्बे हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस श्री चंद्रशेखर, पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस शील नागू, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव सचदेवा और जम्मू-कश्मीर व लद्दाख हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अरुण पल्ली शामिल हैं।
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने बीती 27 मई को इन नामों की सिफारिश की थी, जिसे केंद्र सरकार ने महज चार दिनों के भीतर अपनी मंजूरी दे दी।
गौरतलब है कि पिछले महीने सरकार ने एक अध्यादेश जारी कर सुप्रीम कोर्ट में जजों की स्वीकृत संख्या को 34 से बढ़ाकर 38 कर दिया था, जिसमें मुख्य न्यायाधीश का पद भी शामिल है।
इसे भी पढ़ें: IPL 2026: सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) बनाम राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच आज मुकाबला
स्वीकृत पदों की संख्या बढ़ने और पहले से खाली पदों को मिलाकर कोर्ट में कुल छह पद खाली चल रहे थे, जिनमें से पांच पर नियुक्तियां हो चुकी हैं और अब केवल एक पद रिक्त है। हालांकि, जून के महीने में ही दो और जज रिटायर होने वाले हैं। इनमें जस्टिस पंकज मिथल 16 जून को और जस्टिस जे के माहेश्वरी 28 जून को सेवानिवृत्त होंगे।
इस पूरी प्रक्रिया में वरिष्ठ वकील वेंकिता सुब्रमणि मोहना की नियुक्ति को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वह साल 2018 में नियुक्त हुईं जस्टिस इंदु मल्होत्रा के बाद देश की दूसरी ऐसी महिला वकील हैं, जिन्हें सीधे बार (वकील एसोसिएशन) से प्रमोट करके सुप्रीम कोर्ट का जज बनाया गया है।
59 वर्षीय जस्टिस मोहना ने 1988 में कोयंबटूर लॉ कॉलेज से अपनी कानून की पढ़ाई पूरी की थी और साल 2015 में उन्हें वरिष्ठ वकील का दर्जा मिला था।
जस्टिस मोहना के शपथ लेने के बाद अब सुप्रीम कोर्ट में महिला जजों की संख्या दो हो गई है, जिनमें दूसरी जज जस्टिस बी वी नागरत्ना हैं। जस्टिस नागरत्ना साल 2027 में एक महीने से अधिक समय के लिए भारत की मुख्य न्यायाधीश (CJI) का पद भी संभालेंगी।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
