अकाउंट बैन पर भड़की यूथ कांग्रेस, मेटा दफ्तरों में हंगामा; 21 गिरफ्तार

नई दिल्ली: सोशल मीडिया कंपनी मेटा और भारतीय युवा कांग्रेस के बीच विवाद काफी बढ़ गया है। पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के इंस्टाग्राम अकाउंट बंद किए जाने के विरोध में शुक्रवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद, मुंबई और गुरुग्राम स्थित मेटा के दफ्तरों पर जोरदार प्रदर्शन किया।

विवाद बढ़ने पर मेटा ने दोनों अकाउंट्स को तुरंत बहाल कर दिया, लेकिन युवा कांग्रेस ने कंपनी पर राजनीतिक पक्षपात का आरोप लगाते हुए सात दिनों का कड़ा अल्टीमेटम दिया है।

अकाउंट ब्लॉक होने पर मेटा दफ्तरों में एक साथ प्रदर्शन

भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के राष्ट्रीय स्तर के नेताओं उदय भानु और मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट्स को 19 नवंबर को भाजपा के इशारे पर कथित रूप से अवैध तरीके से ब्लॉक किए जाने के विरोध में शुक्रवार दोपहर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद, मुंबई और गुरुग्राम स्थित मेटा के कार्यालयों में एक साथ प्रदर्शन किया।

पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब तीन बजे हाथों में तख्तियां लिए लगभग 25 कार्यकर्ता हैदराबाद के रायदुर्गम स्थित उच्च सुरक्षा वाले ‘स्काई व्यू’ परिसर में स्थित मेटा के कॉर्पोरेट कार्यालय में दाखिल हुए, जहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए गलियारे में रखे गमलों और अन्य सामानों में तोड़फोड़ की तथा धरने पर बैठ गए।

सूचना मिलने पर पहुंची रायदुर्गम पुलिस ने तेलंगाना यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जक्कीदी शिव चरण रेड्डी सहित 21 कार्यकर्ताओं को एहतियातन हिरासत में लिया, जिन्हें बाद में जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया, जबकि दूसरी ओर युवा कांग्रेस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर दावा किया कि कार्यकर्ताओं के दफ्तरों में पहुंचने के 15 मिनट के भीतर ही मेटा ने दोनों ब्लॉक किए गए इंस्टाग्राम अकाउंट्स को बहाल कर दिया।

खाते बहाल होने के बाद भी युवा कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर तंज कसते हुए मेटा को ‘भाजपा का बेटा’ बताया और कहा कि भारत एक लोकतंत्र है, किसी की निजी संपत्ति नहीं। संगठन ने कंपनी को सात दिनों का अल्टीमेटम देते हुए विपक्षी नेताओं, पत्रकारों और क्रिएटर्स के अकाउंट्स से सभी पाबंदियां हटाने की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने पर वह सड़क से लेकर अदालत और मेटा के दफ्तरों तक विरोध प्रदर्शन करेगी।