सीट शेयरिंग पर बोले अखिलेश यादव- आंकड़ों की नहीं, जीतने की है असली लड़ाई
नई दिल्ली: शनिवार को पूर्व मंत्री अवधेश चौहान, अनिल कसाना, उत्पल राय, विनय प्रताप, वीरेंद्र, अदनान अशरफ खान और महेश कुमार बबलू समेत कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्ताधारी भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा समय में भाजपा ही देश का सबसे बड़ा संकट है और उसके सत्ता से बाहर होने पर ही यह संकट खत्म होगा।
सपा में शामिल होने वाले नेताओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए उन्होंने वादा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना को समाप्त किया जाएगा ।
वोट कटने के दावे पर भाजपा से मांगा जवाब
इसके साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में अधिकारी सत्ता के दबाव में कार्य कर रहे हैं, और घोषणा की कि पिछले 10 वर्षों से एक ही पद पर जमे अधिकारियों को हटाने के लिए सभी विधायकों के हस्ताक्षर युक्त एक ज्ञापन सौंपा जाएगा।
भाजपा द्वारा 1.27 करोड़ हिंदुओं के वोट कटने संबंधी दिए गए बयान पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने पूछा कि पार्टी को यह जानकारी कहां से प्राप्त हुई थी, और कहा कि चुनाव आयोग के दबाव के बाद अब ऐसे बयान आना बंद हो गए हैं।
इसे भी पढ़ें: कावड़ यात्रा मार्ग पर मीट की दुकाने बंद होने से होती है आजीविका प्रभावित, याचिका ख़ारिज
इस अवसर पर उन्होंने ‘लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा’ का नारा देते हुए एक नया वीडियो जारी किया तथा बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची में अधिक से अधिक नाम जुड़वाने की अपील करते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता बदलाव के लिए तैयार है और चुनाव घोषित होते ही भाजपा की हार तय है।
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उसे ‘भ्रष्टाचार का मास्टर’ बताया और आरोप लगाया कि इसकी अधिकतर योजनाओं में घोटाले हुए हैं। उन्होंने कहा कि पीडीए (PDA) अब महज एक नारा नहीं रहा, बल्कि लोगों के लिए एक भावनात्मक मुद्दा बन चुका है।
वहीं, कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग पर स्थिति साफ करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि बात सीटों के बंटवारे की नहीं बल्कि जीत की है; अभी भी कई ऐसी सीटें हैं जहां कांग्रेस जीत सकती है और बैठक में चर्चा के बाद जो जहां जीतने की स्थिति में होगा, वह सीट उसी के हिस्से में जाएगी।









