बिहार में ‘नीतीश सेतु’ नाम रखने पर भड़की कांग्रेस, गुरु गोबिंद सिंह की अनदेखी पर मांगा जवाब

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पुराना दस्तावेज साझा करते हुए सिख समुदाय की भावनाओं से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। उन्होंने सरकार से सवाल पूछा कि एक जीवित राजनीतिक नेता के नाम पर पुल का नाम रखने की इतनी जल्दबाजी क्यों दिखाई गई और क्या इससे सिख समाज की भावनाओं को नजर अंदाज नहीं किया गया है।

इसके साथ ही पवन खेड़ा ने यह आशंका भी जताई कि क्या इस फैसले के पीछे नीतीश कुमार को राजनीति से दरकिनार करने की कोशिश छिपी है। कच्ची दरगाह-बिदूपुर छह-लेन पुल के नामकरण और उद्घाटन को लेकर बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। तेजस्वी यादव के अनुसार, उन्होंने सदन में इस पुल का नाम स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय के नाम पर रखने की मांग की थी।

जिस पर 10 फरवरी, 2026 को सड़क निर्माण विभाग ने जवाब दिया था कि इसे गुरु गोबिंद सिंह के नाम पर रखने का प्रस्ताव विचाराधीन है। हालांकि, आरजेडी नेता ने सवाल उठाया कि 13 नवंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पिछले जवाब के विपरीत जाकर नीतीश कुमार के सम्मान में इसका नाम ‘नीतीश सेतु’ रखने की घोषणा क्यों की, जबकि इसे गुरु गोबिंद सिंह के नाम पर रखा जा सकता था।

इसके अतिरिक्त, तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री द्वारा पुल के उद्घाटन पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि इसके एक हिस्से का उद्घाटन और वहां आवाजाही पहले ही शुरू हो चुकी थी। पुराने दस्तावेज और तस्वीरें साझा करते हुए उन्होंने दावा किया कि इस पुल का निर्माण कार्य 31 जनवरी 2016 को तत्कालीन महागठबंधन सरकार के दौरान शुरू हुआ था और यह परियोजना राज्य सरकार के फंड व लोन से पूरी हुई है, इसलिए बीजेपी और केंद्र सरकार को इसमें अपने वित्तीय योगदान का विवरण सार्वजनिक करना चाहिए।


Discover more from ZH7TV

Subscribe to get the latest posts sent to your email.