अखिलेश यादव का तंज- बीजेपी के सत्ता से हटने पर ही खत्म होगा देश और प्रदेश का संकट
नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के अनुसार, वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी देश और राज्य के लिए सबसे बड़ी समस्या बन गई है और इससे छुटकारा तभी मिलेगा जब बीजेपी सत्ता से बाहर होगी। बीजेपी नेताओं पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अब उन्हें भी महसूस होने लगा है कि उनका चुनाव चिह्न ‘कमल’ कमजोर पड़ गया है, इसीलिए वे ‘राधे-राधे’ बोलने लगे हैं।
एसपी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी में शामिल हुए नेताओं को भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और बीजेपी सरकार में उनके साथ किसी तरह का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
पीडीए मुद्दा और कांग्रेस से गठबंधन पर स्थिति स्पष्ट
उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना समाप्त की जाएगी और पार्टी की वेबसाइट पर जनता से मिलने वाले सुझावों को गंभीरता से लेकर उन पर काम किया जाएगा। प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में कुछ अधिकारी चुनाव से पहले बीजेपी के पदाधिकारियों की तरह काम कर रहे हैं और शिकायतों के बावजूद उनका तबादला नहीं हो रहा है।
उन्होंने बताया कि पार्टी नेताओं से चर्चा के बाद ऐसे अधिकारियों के उदाहरणों के साथ निर्वाचन आयोग को विस्तृत पत्र सौंपा जाएगा, जिस पर सपा के विधायक, एमएलसी और सांसद हस्ताक्षर करेंगे। मतदाता सूची और वोट कटने के मुद्दे पर उन्होंने बीजेपी के 1.27 करोड़ हिंदुओं के वोट कटने के दावे पर सवाल उठाया तथा ‘लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा’ का नारा देते हुए नया वीडियो भी जारी किया।
इसे भी पढ़ें: अलीगढ़ में UPTET परीक्षा के दौरान बड़ा एक्शन: 3 फर्जी परीक्षार्थी गिरफ्तार
आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर उन्होंने कार्यकर्ताओं और बूथ प्रभारियों से बूथ मजबूत करने व अधिक से अधिक पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की अपील की, साथ ही दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव के लिए तैयार है।
चुनाव की घोषणा होते ही बीजेपी हार जाएगी। बीजेपी सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए अब एक भावनात्मक मुद्दा बन चुका है, वहीं कांग्रेस के साथ गठबंधन पर उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठक में सीटों को लेकर चर्चा होगी और प्राथमिकता संख्या के बजाय जीत की रहेगी।
बीजेपी नेता और पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री उत्पल राय के समाजवादी पार्टी में शामिल होने को पूर्वांचल की राजनीति में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है। मऊ जिले के रहने वाले उत्पल राय पहले बीएसपी सरकार में मंत्री रह चुके हैं और मधुबन विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुके हैं। जुलाई 2016 में बीजेपी का दामन थामने वाले राय की गिनती पूर्व केंद्रीय मंत्री और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के करीबी नेताओं में होती रही है।
Discover more from ZH7TV
Subscribe to get the latest posts sent to your email.









