धीरेंद्र शास्त्री की कथा पर अखिलेश यादव का सवाल, कहा- भगवान पर की गई टिप्पणी स्वीकार नहीं
नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री की कथा को लेकर सवाल खड़े किए है। मुलायम सिंह यादव की जयंती पर पार्टी कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि सपा किसी भी धार्मिक कथा के विरोध में नहीं है लेकिन धीरेंद्र शास्त्री द्वारा भगवान राम और कृष्ण पर की गई टिप्पणियों को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
इसी दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा पर भी तंज कसते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने अपने एक कार्यक्रम में हनुमान जी तक को नचवा दिया था। समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती पर रविवार को सपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने छात्र-छात्राओं और अभिनव मॉडल स्कूलों के टॉपर विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरित किए।
इस अवसर पर उन्होंने नाराज़ व दूर हुए नेताओं को वापस जोड़ने का संकेत देते हुए कहा कि रूठों को मनाएंगे और छूटे नेताओं को बुलाएंगे, साथ ही भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम को लेकर दिए गए बयानों पर विचार करने की बात भी कही।
इसे भी पढ़ें: वाहन पर लिखा CRPF, बक्सों में भरा था गांजा… 4 क्विंटल गांजे के साथ 4 गिरफ्तार
इसके अलावा अखिलेश यादव ने सड़क हादसों को लेकर भाजपा सरकार को घेरते हुए गोरखपुर व लखनऊ के अर्जुनगंज में मुख्यमंत्री के काफिले से जुड़े हादसे का जिक्र किया, सवाल उठाया कि क्या मुख्यमंत्री पर मुकदमा नहीं होना चाहिए था और दावा किया कि देश में एक साल के भीतर सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में 80 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है।
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने वर्तमान सरकार पर शिक्षा व्यवस्था की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने बेहतर पढाई के लिए अभिनव मॉडल स्कूलो की शुरुआत की थी, लेकिन अब ध्यान न दिए जाने के कारण इन स्कूलों की हालत खराब हो गई है। इसके साथ ही उन्होंने बड़ा वादा करते हुए कहा कि 2027 में सपा की सरकार बनने पर ‘यश भारती सम्मान’ के तहत मिलने वाली 50 हजार रूपये की राशि को दोगुना करके एक लाख रूपये कर दिया जाएगा।









