‘एक ही पुल का कितनी बार होगा उद्घाटन?’ पीएम मोदी के दौरे पर तेजस्वी यादव ने केंद्र को घेरा
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे से पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल के उद्घाटन पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा कि जब इस प्रोजेक्ट में केंद्र सरकार ने कोई पैसा नहीं लगाया है, तो प्रधानमंत्री इसका उद्घाटन करने क्यों आ रहे हैं। इसके साथ ही तेजस्वी ने तंज कसते हुए यह भी पूछा कि आखिर एक ही पुल का कितनी बार उद्घाटन किया जाएगा।
राजद नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो संदेश जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बिहार दौरे से पहले आत्ममंथन करने की सलाह दी और कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के उद्घाटन को लेकर केंद्र सरकार तथा भाजपा पर निशाना साधा।
‘केंद्र ने नहीं दिया एक भी पैसा’, तेजस्वी ने मांगा सबूत
तेजस्वी यादव ने दावा किया कि 31 जनवरी 2016 को तत्कालीन महागठबंधन सरकार के कार्यकाल में बिहार सरकार के अपने संसाधनों और कर्ज से इस पुल का निर्माण शुरू हुआ था, जिसमें केंद्र सरकार का कोई आर्थिक योगदान नहीं है, और उन्होंने भाजपा नेताओं को इसका प्रमाण पेश करने की चुनौती दी।
इसे भी पढ़ें: Parliament LIVE: लोकसभा की कार्यवाही एक बार फिर से शुरू, विपक्षी सांसदों का हंगामा जारी
इसके साथ ही उन्होंने पुल का नाम सिखों के दसवें गुरु गोविंद सिंह के बजाय ‘नीतीश सेतु’ रखे जाने तथा विधानसभा चुनाव से डेढ़ साल पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किए जा चुके उद्घाटन के बावजूद इसे दोबारा उद्घाटित करने की जरूरत पर सवाल उठाए, और आरोप लगाया कि जो भाजपा नेता पहले नीतीश कुमार के डीएनए पर सवाल उठाते थे, वे अब उनके प्रति सम्मान दिखाने का दावा कर रहे हैं।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को वैशाली जिले में नीतीश सेतु का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वे सड़क, ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और शहरी विकास जैसे विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी करीब 34,470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।









