यूपी में पंचायत चुनाव के लिए आज जारी होगी फाइनल मतदाता सूची
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची जारी की जा रही है। इस बार मतदाताओं को नौ अंकों का एक नया पहचान नंबर दिया जाएगा। इस सूची के प्रकाशन के साथ ही अब चुनाव कार्यक्रम को लेकर गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए बहुप्रतीक्षित अंतिम मतदाता सूची बुधवार को जारी होगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता पुनरीक्षण अभियान की सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं। दावे-आपत्तियों के निस्तारण और सत्यापन के बाद अब इस सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है।
इससे पहले आयोग ने 18 दिसंबर 2025 को अनंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की थी, जिसमें करीब 1.81 करोड़ नए नाम जोड़े गए थे, जबकि 1.41 करोड़ नाम हटाए गए थे। इस प्रक्रिया से पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में लगभग 40.19 लाख मतदाताओं की शुद्ध बढ़ोतरी दर्ज की गई थी।
इसी अनंतिम सूची पर लोगों से दावे और आपत्तियां मांगी गई थीं, जिसके बाद आई लाखों आपत्तियों की सुनवाई कर उनका निस्तारण किया गया। यही कारण है कि अंतिम सूची जारी करने की तारीख को पांच बार आगे बढ़ाना पड़ा था, लेकिन आयोग के अनुसार अब सूची के प्रकाशन में किसी भी तरह की देरी नहीं होगी।
इसे भी पढ़ें: खानपान निजी पंसद, जनगणना परिसीमन के पीछे छिप रही सरकार: पवन खेड़ा
इस बार की मतदाता सूची में एक बड़ा बदलाव करते हुए मतदाताओं को नौ अंकों का नया ‘स्टेट वोटर नंबर’ भी दिया गया है, जिससे मतदाताओं की पहचान और चुनावी प्रबंधन की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित हो सकेगी।
माना जा रहा है कि इस अंतिम मतदाता सूची के जारी होने के तुरंत बाद पंचायत चुनाव की अधिसूचना और चुनाव कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां काफी तेज हो जाएंगी।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
