युवा शक्ति और साफ नीयत से बनेगा विकसित भारत: PM का भरोसा
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की 7.8% आर्थिक विकास दर पर खुशी जताई है और उन्होंने सोशल मीडिया ऐप इंस्टाग्रम पर एक नया वीडियो शेयर करके देश के लोगों को बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि यह बड़ी कामयाबी देश के सभी लोगों की एकजुटता, मजबूत इरादों और कड़ी मेहनत का परिणाम है।
उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय देशवासियों की संकल्प शक्ति और पुरुषार्थ को दिया। प्रधानमंत्री ने जिक्र किया कि आज दुनिया के कई हिस्से युद्ध और संकट से घिरे हैं, अलग-अलग क्षेत्रों से युद्ध की खबरें सामने आ रही हैं और वैश्विक सप्लाई चेन भी प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि 2020 के कोविड काल के बाद से दुनिया में स्थिरता पूरी तरह लौटती नहीं दिखी है, इसके बावजूद भारत तेज गति से प्रगति कर रहा है।
विपक्ष पर निशाना और आर्थिक रफ्तार
विपक्ष पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि एक तरफ भारत तमाम वैश्विक चुनौतियों को पार करते हुए आगे बढ़ रहा है, वहीं देश के भीतर कुछ लोग निराशा और झूठ का माहौल बनाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी चुनौतियों के बीच भारत ने 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ हासिल की है और अब देश को इस आर्थिक रफ्तार को बनाए रखते हुए विकास की गति को और आगे ले जाना है।
भारत की आर्थिक प्रगति को और मजबूत करने के लिए आत्मनिर्भर भारत का निर्माण जरूरी बताते हुए पीएम मोदी ने देशवासियों से स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को ‘मेड इन इंडिया’ को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: अगर आकाश आनंद सपा में आना चाहें तो पार्टी में ले लेंगे? पत्रकार के सवाल पर क्या बोले अखिलेश यादव?
प्रधानमंत्री ने विदेशों में घूमने और शादी करने जैसी प्रवृत्तियों से बचने की अपील करते हुए यह भी कहा कि अगर जरूरत न हो तो सोना खरीदने से भी बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश जितना अधिक स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर जोर देगा, उतनी ही भारत की आर्थिक मजबूती बढ़ेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भरोसा जताया है कि साल 2047 तक भारत एक विकसित देश बन जाएगा और उन्होंने कहा कि जब भारत अपनी आजादी के 100 साल पुरे करेगा, तब आज की युवा पीढ़ी को एक मजबूत और समृद्ध भारत मिलेगा। पीएम मोदी ने लोगों से मिलकर कड़ी मेहनत करने की अपील की और कहा कि सरकार की नीतियां सही है और उसकी नीयत बिल्कुल साफ है।
पीएम मोदी के मुताबिक, 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक शक्ति भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही है। उन्होंने देशवासियों से 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ की खुशी मनाने के साथ आगे के लिए नया संकल्प लेने और उसे पूरा करने की दिशा में मिलकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
