आरव हत्याकांड: मासूम को पटककर मारने वाले कातिल विराज को फांसी
फिरोजाबाद की अदालत ने शादी का प्रस्ताव ठुकराने से नाराज होकर डेढ़ साल के मासूम आरव को महज 27 सेकंड में आठ बार जमीन पर पटककर मारने वाले क्रूर हत्यारे विराज को फांसी की सजा सुनाई
फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में स्थित शिकोहाबाद की यादव कॉलोनी में डेढ़ साल के मासूम आरव की बेरहमी से सड़क पर पटक कर हत्या करने वाले आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक को जिला जज डॉ. बब्बू सारंग की अदालत ने शुक्रवार को फांसी की सजा सुनाई है।
बदायूं के सिविल लाइंस क्षेत्र के शेखूपुर के रहने वाले इस आरोपी को अदालत ने एक दिन पहले बृहस्पतिवार को ही दोषी करार दे दिया था।
शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे जब भारी पुलिस सुरक्षा के बीच आरोपी को जेल से कोर्ट लाया गया, तो अभियोजन और बचाव पक्ष की दलीलों व साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने इसे ‘अति जघन्य अपराध’ मानते हुए मौत की सजा का एलान किया।
इसे भी पढ़ें: बीजेपी को अब जनता का डर नहीं: थप्पड़ कांड पर राहुल गांधी का सीधा हमला
फांसी का फैसला सुनते ही आरोपी विराज कोर्ट में फूट-फूटकर रोने लगा, जबकि कोर्ट परिसर में मौजूद मृत बच्चे की नानी पिंकी देवी ने इस न्याय पर खुशी जाहिर की।
यह खौफनाक वारदात बीते 30 मई को हुई थी, जब विराज ने अपनी रिश्ते की भाभी रति देवी से शादी करने की जिद पकड़ी थी। रति द्वारा शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज होकर विराज ने उसके डेढ़ साल के बेटे आरव को टॉफी दिलाने के बहाने बाहर ले जाकर, घर से महज 50 मीटर दूर सुनसान सड़क पर सिर्फ 27 सेकंड के भीतर आठ बार बेरहमी से पटका, जिससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
यह पूरी वारदात पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसी रात मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली मारकर उसे गिरफ्तार किया था। पीड़िता रति देवी की शादी फरवरी 2024 में बदायूं के सुमित कुमार से हुई थी, लेकिन पति से अनबन के कारण वह शिकोहाबाद में अपने मायके रह रही थी।
इसी का फायदा उठाकर सुमित के फुफेरे भाई विराज ने पहले उसे मदद का भरोसा दिया और फिर शादी का दबाव बनाने लगा। घटना वाले दिन रति अपनी मां के साथ कानूनी राय लेने शिकोहाबाद आई थी, जहां आरोपी ने इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया था।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
