अखिलेश यादव ने शंकराचार्य से की मुलाकात, ‘सनातन को अधर्मियों से मुक्त कराने’ पर हुई चर्चा

अखिलेश यादव ने शंकराचार्य से की मुलाकात, ‘सनातन को अधर्मियों से मुक्त कराने’ पर हुई चर्चा

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात कर सनातन को अधर्मियों से मुक्त कराने और राम मंदिर व गौ-संरक्षण जैसे गंभीर मुद्दों पर सार्थक चर्चा की

 

नई दिल्ली: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीरें एक्स (ट्विटर) पर शेयर करते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने सनातन पर आए संकट को दूर करने और धर्म को अधर्मियों के चंगुल से मुक्त कराने के लिए सार्थक चर्चा की है और पूज्य शंकराचार्य जी का आशीर्वाद लिया है।

गौरतलब है कि अखिलेश यादव पिछले कुछ समय से अयोध्या के राम मंदिर में हुई चढ़ावा चोरी का मुद्दा लगातार उठा रहे हैं और इसके जरिए भाजपा पर निशाना साध रहे हैं। इससे पहले भी उन्होंने कहा था कि राम मंदिर में चढ़ावा, चंदा और दान चोरी की खबरें पूरी दुनिया में फैल चुकी हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वभर में रहने वाले सनातनी भाजपा और उनके सहयोगियों के इस कृत्य की वजह से हो रही बदनामी से शर्मसार और आहत हैं, क्योंकि कई लोगों ने खुद आकर या दूर से मंदिर में दान भेजा था। अखिलेश यादव के अनुसार, भाजपा के इन कृत्यों के कारण पूरे विश्व का सनातन समाज आक्रोशित है और देश को अपयश का शिकार होना पड़ रहा है।

दूसरी ओर, शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने इस दौरान गौमाता की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज गौमाता के साथ अन्याय हो रहा है और वे भूख-प्यास से मर रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि गौसंवर्धन की बड़ी-बड़ी बातें करने वाली सरकारें धरातल पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि गाय को राष्ट्रमाता घोषित कराने और उनके पूरी तरह से संरक्षण के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।

इसके साथ ही, शंकराचार्य ने राम मंदिर से जुड़े मुद्दे पर भी अपनी राय रखते हुए कहा कि वहां रामभक्तों की भूमिका पूरी तरह सुनिश्चित होनी चाहिए।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Sanjana Kumari

संजना कुमारी: रियल-टाइम खबरों पर मजबूत पकड़ रखने वाली डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और पत्रकार, जो सामाजिक-राजनीतिक, क्षेत्रीय और सांस्कृतिक घटनाक्रमों को डिजिटल दर्शकों के लिए सटीक व आकर्षक बनाती हैं