लोकतंत्र की आवाज बुलंद करने के लिए 1 नवंबर को रामलीला मैदान पहुंचेंगे कांग्रेसी: सागर सिंह तोमर
83 साल बाद इतिहास की यादों के साथ ‘दिल्ली चलो’ का नारा एक बार फिर जनमानस में गूंज रहा है। जिस प्रकार नेताजी सुभाष चंद्र बोस और आजाद हिंद फौज ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान ‘दिल्ली चलो’ के नारे से देशवासियों में आजादी का जज्बा जगाया था, उसी ऐतिहासिक प्रेरणा के साथ आज लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया जा रहा है
अलीगढ़। देश के ऐतिहासिक नारे ‘दिल्ली चलो’ की गूंज एक बार फिर सुनाई देने जा रही है। 1 नवंबर को नई दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली विशाल कांग्रेस रैली को सफल बनाने के लिए अलीगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है।
इसी क्रम में क्वार्सी, शाहंशाहबाद, जमालपुर, राजानगर, साकेत विहार सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कर लोगों से दिल्ली पहुंचने की अपील की गई। इस दौरान आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया और रैली को सफल बनाने का संकल्प लिया।
अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व जिला कोऑर्डिनेटर एवं कांग्रेस नेता सागर सिंह तोमर ने कहा, “83 साल बाद इतिहास की यादों के साथ ‘दिल्ली चलो’ का नारा एक बार फिर जनमानस में गूंज रहा है। जिस प्रकार नेताजी सुभाष चंद्र बोस और आजाद हिंद फौज ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान ‘दिल्ली चलो’ के नारे से देशवासियों में आजादी का जज्बा जगाया था, उसी ऐतिहासिक प्रेरणा के साथ आज लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया जा रहा है।”
इसे भी पढ़ें: गुना भाजपा में अंतर्कलह: सिंधिया की बैठक से विधायक-पार्षद गायब, नेताओं ने जताई नाराजगी
सागर सिंह तोमर ने कहा कि 1 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली विशाल रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी लोकतांत्रिक आवाज को मजबूत करना है। लोकतंत्र में जनता की भागीदारी ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों एवं समर्थकों से शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से रैली में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने कहा कि ‘दिल्ली चलो’ से ‘चलो दिल्ली’ तक का संदेश हमें इतिहास से प्रेरणा लेकर वर्तमान की चुनौतियों के प्रति जागरूक रहने की सीख देता है। लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और जन अधिकारों की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
बैठक एवं जनसंपर्क अभियान में नन्नू सिंह, अब्दुल साबूर, नंदू खान, चंदा, विजय सिंह, किशोरी लाल, धर्मवीर सिंह, कृष्ण गोपाल, रविंद्र कुमार, विजय बहादुर सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विशाल रैली को सफल बनाने का आह्वान किया।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
