अमरनाथ यात्रा: बस का टायर फटने से लगी भीषण आग, सुरक्षाबलों ने बचाई 54 जान
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन के करोल क्षेत्र में टायर फटने के बाद राजस्थान के अमरनाथ श्रद्धालुओं से भरी एक बस भीषण आग की चपेट में आ गई, हालांकि मुस्तैदी के चलते सभी 54 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया
राजस्थान: जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन जिले के करोल क्षेत्र में गुरुवार दोपहर अमरनाथ यात्रियों से भरी एक बस में भीषण आग लग गई, लेकिन सुरक्षाबलों, पुलिस और आपदा प्रबंधन एजेंसियों की मुस्तैदी व त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
अधिकारियों के अनुसार, राजस्थान के श्रद्धालुओं को लेकर जा रही इस स्लीपर बस का करोल के पास अचानक एक टायर फट गया, जिसके बाद गाड़ी में तेजी से आग भड़क उठी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना, सीआरपीएफ, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग और सिविल क्विक रिस्पांस टीम सहित जिला प्रशासन के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और बस के पूरी तरह आग की चपेट में आने से पहले ही उसमें सवार 47 यात्रियों, चालक और परिचालक सहित सभी 54 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसे भी पढ़ें: ‘रिजीम चेंज’ पर सिब्बल ने मोदी सरकार ललकारा
इस हादसे में कोई भी श्रद्धालु घायल नहीं हुआ है, हालांकि आग बुझाने के प्रयास में दमकल विभाग के जवान एसजीसीटी मनहर लाल भट्ट झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है।
इस भीषण आग में पूरी बस जलकर खाक हो गई, जिससे यात्रियों का सामान और अन्य निजी वस्तुएं भी जल गईं और श्रद्धालुओं के पास सिर्फ उनके पहने हुए कपड़े ही बचे। रामबन के उपायुक्त मोहम्मद इलियास खान ने सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की पुष्टि की है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं के सामान के नुकसान को देखते हुए उनके ठहरने, भोजन व अन्य जरूरी मदद का तत्काल इंतजाम किया और बाद में सभी यात्रियों को दूसरी बस से आगे की यात्रा के लिए जम्मू रवाना कर दिया।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी इस घटना की पूरी जानकारी ली है और अधिकारियों को प्रभावितों को हरसंभव राहत व सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं, जबकि प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
