अन्नामलाई ने की अमित शाह से मुलाकात, थमेगी या बढ़ेगी इस्तीफे की अटकलें
तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। भाजपा छोड़ने और नई पार्टी बनाने की अटकलों के बीच हुई इस बैठक ने सियासी चर्चाएं तेज कर दी हैं। हालांकि पार्टी सूत्रों ने कहा है कि अन्नामलाई ने अभी औपचारिक इस्तीफा नहीं दिया है।
नई दिल्ली: तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से करीब 30 मिनट तक मुलाकात की। यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब अन्नामलाई के भाजपा छोड़ने और नई राजनीतिक पार्टी बनाने की अटकलें तेज हैं।
हालांकि, बैठक की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है और अन्नामलाई मीडिया से बिना बात किए निकल गए। चर्चा है कि उन्होंने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष से भी मुलाकात की है।
कुछ रिपोर्टों में उनके इस्तीफे का दावा किया गया है, लेकिन पार्टी सूत्रों ने साफ किया है कि उन्होंने अभी तक औपचारिक इस्तीफा नहीं दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, अन्नामलाई को तमिलनाडु अध्यक्ष पद से हटाकर नैनार नागेंद्रन को जिम्मेदारी दिए जाने और विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा-एआईएडीएमके के दोबारा गठबंधन से वह नाराज चल रहे थे।
इसे भी पढ़ें: राजभर का अखिलेश पर बड़ा दावा: यूपी में कभी नहीं आएगी सपा की सरकार
2026 तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में उन्होंने खुद चुनाव भी नहीं लड़ा था, जिसके बाद से उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर सवाल उठ रहे थे। चेन्नई एयरपोर्ट पर जब उनसे नई पार्टी बनाने को लेकर पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “दो दिन इंतजार कीजिए। हम बैठकर बात करेंगे और सब साफ हो जाएगा।”
अन्नामलाई को तमिलनाडु में भाजपा का आक्रामक और लोकप्रिय चेहरा माना जाता है। ऐसे में अगर वह पार्टी छोड़ते हैं, तो राज्य में पैर जमाने की कोशिश कर रही भाजपा के लिए यह एक बड़ा झटका होगा।
फिलहाल पूरी राजनीति की नजर उनके अगले कदम पर है और माना जा रहा है कि वह अगले दो दिनों में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी स्थिति साफ कर सकते हैं।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
