राहुल-प्रियंका पर एक और FIR: जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान पुलिस से हाथापाई और सरकारी काम में बाधा का आरोप

राहुल-प्रियंका पर एक और FIR: जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान पुलिस से हाथापाई और सरकारी काम में बाधा का आरोप

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ एक और नई FIR दर्ज की है। यह एफआईआर बुधवार को दिल्ली में हुए उनके विरोध प्रदर्शन को लेकर दर्ज की गई है। दोनों नेताओं पर आरोप है कि उन्होंने प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर हाथापाई की और सरकारी काम में रुकावट डाली ।

दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को इस मामले की जानकारी साझा की [सं]। पिछले दो दिनों के भीतर राहुल और प्रियंका गांधी के खिलाफ दर्ज होने वाला यह दूसरा मुक़दमा है, क्योंकि मंगलवार को हुए प्रदर्शन को लेकर भी उन पर एक मामला पहले ही दर्ज किया जा चुका है।

पुलिस पर हमले की वीडियो जांच

दिल्ली पुलिस जंतर-मंतर के पास हुए कांग्रेस प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों पर हुए कथित हमले और धक्का-मुक्की की जांच में जुट गई है।

गुरुवार को सामने आए सूत्रों के मुताबिक, पुलिस महिला अधिकारियों और कांस्टेबलों पर हमले से जुड़े कई मोबाइल वीडियो और अन्य फुटेज का बारीकी से विश्लेषण कर रही है, ताकि घटनाओं का सही क्रम पता लगाकर आरोपियों की पहचान की जा सके और लोक सेवकों के काम में बाधा डालने व हमला करने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत नई प्राथमिकी दर्ज की जा सके।

यह प्रदर्शन मंगलवार और बुधवार को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर किया गया था, जिसमें बिना अनुमति के आकाशवाणी भवन में जबरन घुसने के आरोप में पुलिस पहले ही राहुल-प्रियंका और उनके समर्थकों पर एफआईआर दर्ज कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि इस मार्च के लिए कोई भी आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी।

संसद मार्च: राहुल-प्रियंका सहित 300 हिरासत

नई दिल्ली जिला पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार को आकाशवाणी भवन में आठ घंटे से अधिक समय तक धरना देने पर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत 300 लोगों को हिरासत में ले लिया था।

विपक्षी सांसद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व वाले निर्वाचन आयोग के कामकाज में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। वे वोट चोरी का मुद्दा भी उठा रहे थे। दिल्ली पुलिस के अनुसार, इंडिया गठबंधन में शामिल दलों ने मंगलवार को संसद भवन से निर्वाचन आयोग तक मार्च करने की योजना बनाई थी।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Muskan Asif

मुस्कान आसिफ़ (ZH7TV) एक अनुभवी और रचनात्मक कंटेंट, डायनेमिक डिजिटल एडिटोरियल प्रोफेशनल पत्रकार हैं। जो बड़ी और असरदार खबरों का सटीक विश्लेषण करने में माहिर हैं। वे अपने नेटवर्क की पहुँच बढ़ाने के लिए बेहद आकर्षक वीडियो, टेक्स्ट और इंटरैक्टिव डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं।