मानहानि केस पर आशुतोष रांका का तंज: गौरव भाटिया ‘पीएम केयर्स फंड’ से वसूल ले 2 करोड़

मानहानि केस पर आशुतोष रांका का तंज: गौरव भाटिया ‘पीएम केयर्स फंड’ से वसूल ले 2 करोड़

नई दिल्ली: बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया और CJP के नेताओं के बीच कानूनी लड़ाई अब और तेज हो गई है, गौरव भाटिया ने CJP नेताओं के खिलाफ 2 करोड़ रूपये का मानहानि का केस दर्ज कराया है, जिसके बाद दोनों पक्षों में जुबानी तीर चल रहे है।

इस कानूनी एक्शन पर तीखा पलटवार करते हुए CJP नेता आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक मजाकिया तंज कसा है। उन्होंने लिखा कि यह रकम ‘पीएम केयर्स फंड’ से ही काट ली जाए, क्योंकि उन्हें पैसा ववहीं से मिल रहा है। रांका का यह बयान गौरव भाटिया की कोर्ट में की गई शिकायत के तुरंत बाद आया है, जिसने इस राजनीतिक विवाद को और ज्यादा गरमा दिया है।

इस पूरे विवाद की शुरुआत CJP के सह-संयोजक सौरव दास द्वारा ‘एक्स’ पर एक कथित फर्जी ग्राफिक साझा किए जाने से हुई थी। भाटिया का आरोप है कि उस ग्राफिक में एक प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान के नाम और उनकी तस्वीर का दुरुपयोग करते हुए उनके नाम से एक फर्जी बयान प्रसारित किया गया था।

इस कथित पोस्ट में स्वतंत्र भारद्वाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां भाटिया के हवाले से लिखी गई थीं, जिसे उन्होंने पूरी तरह फर्जी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से तैयार किया गया बताया था।

माफी न मांगने पर बढ़ा मामला

यह पोस्ट सामने आने के बाद गौरव भाटिया ने सौरव दास को इसे तुरंत हटाने और बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगने के लिए 24 घंटे का समय दिया था। हालांकि दास ने पोस्ट तो हटा दी, लेकिन सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी। इसके बाद कड़ा रुख अपनाते हुए भाटिया ने सौरव दास, अभिजीत दिपके और आशुतोष रांका के खिलाफ 2 करोड़ रुपए का मानहानि मुकदमा दायर कर दिया।

इस कानूनी कदम के बाद बीजेपी नेता गौरव भाटिया ने साफ कर दिया है कि अब यह लड़ाई सिर्फ सोशल मीडिया पर बयानबाजी तक नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि वह इस पूरे मामले को कोर्ट में तथ्यों और पक्के सबूतों के साथ लड़ेंगे।

उनका मानना है कि जब कोई अपनी हदें पार करके झूठे आरोप लगाता है, तो कानून को अपना काम करना ही पड़ता है। गौरव भाटिया ने जोर देकर कहा कि वे अदालत के सामने ठोस दलीलें रखेंगे और इस झूठ का कानूनी तरीके से करारा जवाब देंगे।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Mehak B