ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर अड़ी कांग्रेस, आज देशव्यापी प्रदर्शन,कल CWC की बैठक
नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त CEC ज्ञानेश कुमार को लेकर इस समय देश का राजनीतिक माहौल काफी गर्म है। मीडिया रिपोर्ट के एक बड़े खुलासे के बाद चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं जिसके चलते कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल सरकार व आयोग पर लगातार दबाव बना रहे हैं।
ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाने और इस्तीफा दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस ने देश स्तर पर एक बड़ी रणनीति तैयार की है, जिसके तहत पार्टी जल्द ही राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू करने जा रही है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के लिए कांग्रेस सोमवार को देश के सभी जिला मुख्यालयों पर बड़ा विरोध प्रदर्शन कर रही है। इसके अगले दिन मंगलवार को कांग्रेस मुख्यालय में मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी की मौजूदगी में कार्यसमिति की अहम बैठक होगी।
30 सितंबर को इंडिया गठबंधन की बैठक
इसके अलावा बुधवार (30 सितंबर) को इसी मुद्दे पर इंडिया गठबंधन की प्रस्तावित बैठक है। यह बैठक मुख्य रूप से पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पहल पर हो रही है जिसकी जानकारी टीएमसी ने दी है। हाल ही में ममता बनर्जी ने राहुल गांधी से फोन पर बात की थी और उनसे इंडिया गठबंधन की बैठक बुलाने का आग्रह किया था।
पार्टी के मुख्यमंत्री भी आधिकारिक लाइन पर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करेंगे। इसके साथ ही कांग्रेस का मीडिया विभाग देशभर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करेगा। इस दौरान कथित वोट चोरी और मुख्य चुनाव आयुक्त के मोदी सरकार से जुड़े होने के आरोप उठाए जाएंगे।
इसे भी पढ़ें: कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री की पत्नी का निधन, सागर सिंह तोमर ने जताया शोक
कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग का नोटिस देगी और शीतकालीन सत्र में इसे मुख्य मुद्दा बनाएगी।
इसके साथ ही केरल के पूर्व मुख्य सचिव जीजी थॉमसन को चुनाव लड़ने के कथित ऑफर के मुद्दे पर कांग्रेस के सभी फ्रंटल संगठन देशभर में और सोशल मीडिया पर आक्रामक अभियान चलाएंगे। सुप्रिया श्रीनेत ने भी ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है।
सुप्रिया श्रीनेत का ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने दावा किया है कि साल 2016 में एक हवाई सफर के दौरान ज्ञानेश कुमार ने केरल के पूर्व मुख्य सचिव जीजी थॉमसन को बीजेपी के टिकट का ऑफर दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कुमार ने थॉमसन को 2019 के चुनाव में पठानमथिट्टा सीट से लड़ाने और केंद्रीय मंत्री बनवाने का लालच दिया था।
सुप्रिया ने कहा कि सरकारी सेवा में रहते हुए भी वे प्रधानमंत्री मोदी का गुणगान कर रहे थे। उन्होंने सवाल उठाया कि जो व्यक्ति पहले से ही बीजेपी के लिए टिकट तय कर रहा था, वह निष्पक्ष चुनाव कैसे करा सकता है। सुप्रिया ने उन्हें दोषी बताते हुए कहा कि उनकी जगह जेल में है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
