क्या हो गई डील? आज़ाद समाज पार्टी पर कांग्रेस का रुख नरम

क्या हो गई डील? आज़ाद समाज पार्टी पर कांग्रेस का रुख नरम

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन लगभग तय है लेकिन पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक गलियारों में इस बार की चर्चा भी जोरो पर है कि सपा-कांग्रेस गठबंधन में चंद्रशेखर आज़ाद की आज़ाद समाज पार्टी की जल्द एंट्री होने वाली है।

दरअसल, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के पास दो ऑप्शन थे, पहला ऑप्शन असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM को लेकर था, जिन्होंने जल्दबाज़ी में दो अक्टूबर तक का अल्टीमेटम देकर अपना काम ख़राब कर लिया। वहीं दूसरा ऑप्शन चंद्रशेखर आज़ाद की आज़ाद समाज पार्टी को गठबंधन में लाने का था।

अब चूंकि AIMIM को गठबंधन में जगह मिलने की संभावना लगभग खत्म हो चुकी हैं। ऐसे में अब चर्चा है कि उत्तर प्रदेश के चुनाव में आज़ाद समाज पार्टी को कुछ सीटें देकर कांग्रेस सपा गठबंधन में लाया जाए और बहुजन समाज पार्टी से छिटका वोट गठबंधन के साथ जोड़ा जाए।

सूत्रों की माने तो अजय राय को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने से पहले से ही आज़ाद समाज पार्टी से बात की जा रही है। सूत्रों ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र गौतम भी आज़ाद समाज पार्टी को गठबंधन में लाने के पक्ष में हैं।

सूत्रों ने कहा कि अखिलेश यादव आज़ाद समाज पार्टी को गठबंधन में लेने को तो तैयार हैं लेकिन उनकी शर्त यह भी है कि आज़ाद समाज पार्टी को कांग्रेस अपने हिस्से में से सीटें देगी। चूंकि फ़िलहाल दोनों पार्टियां वोट चोरी के खिलाफ इंडिया गठबंधन द्वारा शुरू की गई मुहिम में व्यस्त हैं, इसलिए चुनावी गठबंधन के लिए सीटों के बंटवारे का मामला भी फ़िलहाल रुका हुआ है।

कांग्रेस सूत्रों की माने तो अगर कांग्रेस को गठबंधन में कुल 100 सीटें भी मिलती हैं तो वह आज़ाद समाज पार्टी को 15 सीटें तक देकर गठबंधन में ला सकती है। फ़िलहाल आज़ाद समाज पार्टी को ये समझाया गया है कि वे सीटों की संख्या को लेकर बड़े सपने न देखें बल्कि उत्तर प्रदेश विधानसभा में अपना प्रतिनिधित्व शुरू करने पर विचार करें।

फ़िलहाल देखना है कि पार्टी के आंतरिक सूत्रों से मिल रही ख़बरें चुनाव आते आते सत्य की कसौटी पर कितनी खरी बैठती है, लेकिन इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि कांग्रेस समाजवादी पार्टी का विकल्प भी साथ लेकर चल रही है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।